तेज रफ्तार स्कूल बस का कहर: मुजफ्फरनगर में पिता और दो मासूमों की मौत, मां जिंदगी की जंग लड़ रही
मुजफ्फरनगर (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। तितावी थाना क्षेत्र के हैदरनगर मार्ग पर तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कूल बस ने बाइक सवार परिवार को कुचल दिया, जिससे पिता और उनके दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, हैदरनगर निवासी महिपाल (45) अपनी पत्नी पूनम (45) और दो बच्चों—अभी (8) व राधिका (12)—के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। दोपहर करीब 1:15 बजे सामने से आ रही एक स्कूल बस ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सीधे उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिपाल और दोनों बच्चों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और तितावी पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल पूनम को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
इस हृदय विदारक हादसे ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों ने स्कूली वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण बस की तेज गति और चालक की लापरवाही माना जा रहा है। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और स्कूली वाहनों के संचालन पर कड़े नियम लागू करने की जरूरत को उजागर करती है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)