पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दो कारों की टक्कर, बिहार के दो लोगों की मौत; सात घायल
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार दोपहर दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बिहार निवासी दो लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना दोस्तपुर थाना क्षेत्र में बढ़ौली गांव के पास एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 162.7 पर हुई। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को अंबेडकरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारुति अर्टिगा कार आजमगढ़ से लखनऊ की ओर जा रही थी। इसी दौरान लखनऊ से गाजीपुर की तरफ जा रही स्विफ्ट डिजायर कार कथित तौर पर गलत दिशा में आ गई, जिससे दोनों वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों कारों में सवार लोग घायल हो गए।
हादसे में स्विफ्ट डिजायर में सवार बिहार निवासी श्याम बिहारी सिंह (62) और अजय कुमार गुप्ता (40) की मौत हो गई। इसी कार में सवार कन्हैया और अशोक कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हुए। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए अंबेडकरनगर जिला अस्पताल भेजा गया।
दूसरी कार में आजमगढ़ के कलदपुर निवासी रीता, उनकी बेटियां दीक्षा और दीपशिखा, गरिमा तथा संदीप यादव सवार थे। हादसे में ये सभी घायल हो गए। उन्हें सीएचसी दोस्तपुर में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
परिवार के मुताबिक, रीता के बेटे की शादी नवंबर में होनी है और परिवार शादी की खरीदारी के लिए लखनऊ जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में दुर्घटना हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)