उत्तराखंड में बर्फबारी: धूप खिलते ही चमकीं चोटियां, बदरीनाथ-हेमकुंड की पहाड़ियों ने ओढ़ी सफेद चादर
बदरीनाथ। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने करवट ली है। बदरीनाथ धाम में गुरुवार को बारिश के बाद शुक्रवार सुबह मौसम साफ हुआ और चटख धूप खिली। धूप निकलते ही बर्फ से ढकी ऊंची पर्वत चोटियों का मनमोहक नजारा देखने को मिला।
नीलकंठ, उर्वशी और माना पर्वत समेत आसपास की कई चोटियां बर्फ की सफेद चादर से ढकी नजर आईं। बर्फबारी के बाद बदरीनाथ धाम और आसपास के इलाकों में ठंड बढ़ गई है। धाम में तापमान करीब दो डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से सुबह और शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम सुहावना बना हुआ है।
बर्फ से ढकी चोटियों पर पड़ती धूप ने बदरीनाथ धाम की खूबसूरती और बढ़ा दी। धाम पहुंचे श्रद्धालु पहाड़ों के इस मनमोहक नजारे को देखकर रोमांचित नजर आए और प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेते दिखे।
वहीं, उत्तरकाशी के बड़कोट में भी मौसम खुशनुमा बना हुआ है। यहां चटख धूप खिलने के साथ जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी है। मां यमुना के जयकारों के बीच श्रद्धालु यात्रा करते नजर आ रहे हैं। अनुकूल मौसम से यात्रा से जुड़े लोगों के चेहरे भी खिले हुए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)