राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन के सुदामा कुटी का किया दौरा

Thursday, September 25, 2025 - 15:17
0
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन के सुदामा कुटी का किया दौरा

वृंदावन/मथुरा (आरएनआई) – महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को अपने मथुरा-वृंदावन प्रवास के दौरान बंसीवट स्थित नाभा पीठ सुदामा कुटी का दौरा किया। इस अवसर पर उन्होंने परिवार के साथ ठाकुर जी की पूजा-अर्चना की और संत समाज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

राष्ट्रपति ने आश्रम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में भजन कुटी का लोकार्पण किया और अपनी माँ के नाम एक रुद्राक्ष का पौधा लगाया। इसके अलावा उन्होंने गौ पूजन और गौ दान कार्यक्रम में भी भाग लिया।

सुदामा कुटी की स्थापना आठ दशक पूर्व महान संत श्री सुदामा दास जी महाराज ने की थी। यह आश्रम सेवा, भक्ति और साधना का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। आश्रम की प्रमुख परंपरा ‘माधुकरी’ है, जिसमें साधु-संत दानपात्र लेकर भिक्षा करते हैं और प्राप्त भोजन प्रेमभाव से सभी को खिलाते हैं।

आश्रम में प्रतिदिन तीनों समय भोजन की व्यवस्था रहती है और विशेषकर श्रावण मास में हजारों श्रद्धालु प्रसाद पाते हैं। लगभग तीन सौ संत सेवा कार्यों में लगे रहते हैं और पिछले करीब अस्सी वर्षों से सेवा की अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित है।

सुदामा कुटी परिसर में राम दरबार का भव्य मंदिर है, जिसमें रामलला विराजमान हैं। यहां नित्य हरिनाम संकीर्तन, रामचरितमानस का अखंड पाठ, तीन अखंड दीपक, रासलीला और भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन निरंतर चलते रहते हैं।

आश्रम की एक अन्य विशेषता रामानंद पुस्तकालय है, जो संत साहित्य के संरक्षण और प्रसार का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहीं से नाभा जीकृत भक्तमाल का प्रकाशन प्रारंभ हुआ था, जो आज भी जारी है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि सुदामा कुटी समाज को सेवा, त्याग और भक्ति की प्रेरणा देता है। उन्होंने संत समाज को नमन कर देश और समाज की उन्नति के लिए आशीर्वाद प्राप्त किया। राष्ट्रपति के इस दौरे से वृंदावन का ऐतिहासिक आश्रम एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
Subir Sen

Founder, RNI News

Comments (0)

User