यूपी में आधार में जन्मतिथि बदलना होगा मुश्किल, अब अलग जन्म प्रमाणपत्र दिखाकर नहीं होगा अपडेट
लखनऊ (आरएनआई)। उत्तर प्रदेश में आधार कार्ड में जन्मतिथि अपडेट कराने को लेकर नियमों में बड़ा और सख्त बदलाव किया जा रहा है। इस नए नियम का मकसद जन्मतिथि में होने वाली हेराफेरी पर पूरी तरह रोक लगाना है। अब कोई भी व्यक्ति अलग-अलग जन्म प्रमाणपत्र पेश कर आधार में जन्मतिथि नहीं बदलवा सकेगा।
अब तक यह देखा गया था कि कई लोग उम्र कम या ज्यादा दिखाने के लिए नया जन्म प्रमाणपत्र बनवाकर आधार में जन्मतिथि अपडेट करा लेते थे। पहले वाले जन्म प्रमाणपत्र को निरस्त कर नया प्रमाणपत्र बनवाया जाता था और उसी के आधार पर आसानी से बदलाव हो जाता था। लेकिन नए नियम के तहत यह रास्ता पूरी तरह बंद किया जा रहा है।
दरअसल, हर जन्म प्रमाणपत्र में एक विशिष्ट जन्म पंजीकरण संख्या दर्ज होती है। नए प्रावधान के अनुसार, यदि कोई आधार कार्डधारक जन्मतिथि में संशोधन कराना चाहता है तो उसे उसी पुराने जन्म प्रमाणपत्र में सुधार कराना होगा। यानी जन्म पंजीकरण संख्या वही रहेगी जो पहले दर्ज थी। यदि कोई व्यक्ति नई जन्मतिथि के साथ नया जन्म प्रमाणपत्र बनवाकर प्रस्तुत करता है, तो उसे मान्य नहीं किया जाएगा।
यह बदलाव इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि नौकरी में अधिक अवसर पाने, खेल प्रतियोगिताओं में आयु का लाभ उठाने या बार-बार हाईस्कूल परीक्षा देने के लिए कई लोग जन्मतिथि में हेरफेर करते थे। नए नियम लागू होने के बाद इस तरह की चालबाजियों पर प्रभावी रोक लगेगी और ऐसा करने वालों के पकड़े जाने की संभावना भी बढ़ेगी।
आधार अपडेट केंद्रों और क्षेत्रीय कार्यालयों पर आने वाले मामलों में जन्मतिथि संशोधन का अनुपात काफी अधिक है। आंकड़ों के अनुसार, करीब 80 प्रतिशत आवेदन केवल जन्मतिथि बदलवाने से जुड़े होते हैं। पहले से ही यह नियम था कि कोई व्यक्ति सीमित बार ही खुद से जन्मतिथि बदल सकता है और उसके बाद क्षेत्रीय कार्यालय जाना जरूरी होता है। इसके बावजूद लोग नया जन्म प्रमाणपत्र बनवाकर नियमों को दरकिनार कर देते थे।
अब भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के निर्देशों के अनुरूप नियमों को और कड़ा किया जा रहा है। स्पष्ट कर दिया गया है कि जन्मतिथि में किसी भी तरह का बदलाव तभी संभव होगा, जब पहले जारी जन्म प्रमाणपत्र में ही आधिकारिक रूप से संशोधन कराया गया हो। अलग जन्म पंजीकरण संख्या वाला प्रमाणपत्र किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)