मायावती ने उम्मीदवार चयन पर दी सफाई, बोलीं- अंतिम फैसला मैं कर रही हूं, आकाश आनंद को लेकर अफवाहों पर न दें ध्यान
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद की भूमिका को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का अंतिम चयन वही कर रही हैं और इस संबंध में फैलाए जा रहे भ्रम पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है।
मायावती ने कहा कि चुनाव की तैयारियों के तहत लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में उनकी अध्यक्षता में कई राज्य स्तरीय बैठकें आयोजित की गई हैं। इन बैठकों में प्रदेश और मंडल स्तर के पदाधिकारियों को उम्मीदवार चयन की प्रक्रिया को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि उम्मीदवारों के इंटरव्यू और अन्य प्रक्रियाओं के बाद अब तक 20 से अधिक विधानसभा प्रत्याशियों का चयन किया जा चुका है। शेष सीटों पर भी उम्मीदवारों के नाम का अंतिम निर्णय उनके स्तर से ही लिया जाएगा।
बसपा प्रमुख ने आकाश आनंद की भूमिका को लेकर चल रही चर्चाओं को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद पार्टी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार और अफवाहों पर विश्वास न करें तथा पार्टी के आधिकारिक निर्देशों पर ही भरोसा रखें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)