‘महादेव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें’—महाशिवरात्रि पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री मोदी सहित शीर्ष नेताओं ने दीं शुभकामनाएं

Feb 15, 2026 - 14:28
 0  351
‘महादेव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें’—महाशिवरात्रि पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री मोदी सहित शीर्ष नेताओं ने दीं शुभकामनाएं

नई दिल्ली (आरएनआई)। देशभर में आज महाशिवरात्रि का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शिवालयों में तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया है। इस शुभ अवसर पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई केंद्रीय और राज्य नेताओं ने देशवासियों को महाशिवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए लिखा कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर वह सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हैं। उन्होंने कामना की कि महादेव की कृपा सभी पर सदा बनी रहे और देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने अपने संदेश में कहा कि भक्ति, शक्ति और भगवान भोलेनाथ को समर्पित यह पर्व भारत की अखंड और शाश्वत आध्यात्मिक परंपरा का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने काशी से रामेश्वरम तक फैली शिव-परंपरा का उल्लेख करते हुए महादेव और माता पार्वती से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए लिखा कि उनकी कामना है कि आदिदेव महादेव सदैव सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। उनके आशीर्वाद से सबका कल्याण हो और भारतवर्ष समृद्धि के शिखर पर विराजमान हो।

महाशिवरात्रि पर राजनाथ सिंह ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवाधिदेव महादेव की कृपा से विश्व में शांति और सद्भाव मजबूत हो। भगवान शिव का आशीर्वाद देश को एकता, सुरक्षा और निरंतर प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ाता रहे।

अमित शाह ने ‘हर हर महादेव’ के उद्घोष के साथ देशवासियों को महाशिवरात्रि की बधाई दी और कामना की कि भगवान शिव सभी के जीवन में सुख-समृद्धि प्रदान करें। वहीं नितिन गडकरी ने भी इस पावन पर्व पर देश की खुशहाली और समृद्धि के लिए भगवान महादेव से प्रार्थना की।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाबा भोलेनाथ की कृपा सभी पर बनी रहे। हर हृदय में शांति, हर जीवन में शक्ति और हर पथ में मंगल का संचार हो—यही उनकी प्रार्थना है।

महाशिवरात्रि के अवसर पर देशभर में शिवभक्ति की यह लहर एक बार फिर भारत की गहरी आस्था और सांस्कृतिक एकता को दर्शा रही है।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.