हिमाचल में बदला मौसम, रोहतांग दर्रे समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी; कोकसर में ओले

Saturday, October 24, 2026 - 14:05
0
हिमाचल में बदला मौसम, रोहतांग दर्रे समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी; कोकसर में ओले

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। रोहतांग दर्रे सहित कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं, लाहौल-स्पीति के कोकसर में हल्की ओलावृष्टि हुई। ताजा बर्फबारी के बाद जनजातीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। दूसरी ओर, राजधानी शिमला और आसपास के इलाकों में धूप खिलने से मौसम अपेक्षाकृत साफ रहा।

ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में गिरावट के कारण सर्दी का असर बढ़ने लगा है। मौसम केंद्र के आंकड़ों के अनुसार, लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केलांग में न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री, ताबो में 0.9 डिग्री और कल्पा में 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मनाली में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

24 और 25 अक्टूबर को बारिश-बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 और 25 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 24 अक्टूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है। 25 अक्टूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम में आए बदलाव के चलते ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने से पहले सड़क और मौसम की ताजा स्थिति की जानकारी लेना जरूरी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User