इंस्टाग्राम के बाद एक्स पर सोनिया गांधी की एंट्री, राजीव गांधी से पहली मुलाकात का किस्सा साझा किया

Saturday, October 24, 2026 - 14:28
0
इंस्टाग्राम के बाद एक्स पर सोनिया गांधी की एंट्री, राजीव गांधी से पहली मुलाकात का किस्सा साझा किया

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर आने के बाद अब एक्स पर भी अपना डेब्यू किया है। उन्होंने शनिवार को अपने पहले पोस्ट में आगामी संस्मरण ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ का करीब दो मिनट का वीडियो साझा किया। इसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री और अपने पति राजीव गांधी से पहली मुलाकात, शुरुआती दोस्ती और उनके साथ बिताए पलों की यादें साझा कीं। यह किताब 10 नवंबर 2026 को प्रकाशित होने वाली है।

सोनिया गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा कि इंग्लैंड के कैम्ब्रिज स्थित एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में उनके प्रेम की कहानी शुरू हुई थी। उन्होंने लिखा कि राजीव गांधी के साथ उन्होंने प्यार, हंसी और यादों से भरी दुनिया बनाई और 10 नवंबर को वह उस दुनिया को लोगों के साथ साझा करेंगी।

वीडियो में सोनिया गांधी ने बताया कि 1965 के आसपास, जब वह कैम्ब्रिज में थीं, तब उनकी मुलाकात राजीव गांधी से ‘द वर्सिटी’ नाम के ग्रीक रेस्तरां में हुई थी। उस समय वहां भारतीय और यूरोपीय छात्र अक्सर खाना खाने आते थे। सोनिया के मुताबिक, इंग्लैंड में उस दौर में अपनी पसंद का खाना मिलना आसान नहीं था। वह ऐसे स्थान की तलाश में थीं, जहां उन्हें इतालवी भोजन जैसा स्वाद मिल सके। इसी दौरान वह उस रेस्तरां पहुंचीं, जहां उनकी मुलाकात राजीव गांधी से हुई।

सोनिया ने बताया कि एक साझा मित्र ने दोनों का परिचय कराया था। पहली मुलाकात में ही उन्हें महसूस हुआ कि राजीव ऐसे व्यक्ति हैं, जिनके साथ वह अपनी जिंदगी बिताना चाहेंगी। बाद में उन्हें पता चला कि राजीव की भावनाएं भी कुछ ऐसी ही थीं। इसके बाद दोनों की दोस्ती बढ़ी और वे दोस्तों के साथ पार्टियों तथा घूमने-फिरने के कार्यक्रमों में शामिल होने लगे। उन्होंने एक वैलेंटाइन पार्टी का भी जिक्र किया, जिसमें कई छात्र मौजूद थे।

पुरानी तस्वीरों को देखते हुए सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व को याद किया। उन्होंने कहा कि राजीव बहुत आकर्षक होने के साथ-साथ बेहद सौम्य स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके मुताबिक, राजीव की यही सहजता और सौम्यता पहली मुलाकात में उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित कर गई थी। सोनिया ने कहा कि वह उस मुलाकात को कभी नहीं भूल सकतीं।

‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ सोनिया गांधी का पहला संस्मरण है। इसमें उनके बचपन, राजीव गांधी से मुलाकात और उनके साथ जीवन के सफर की यादें शामिल हैं। पुस्तक में उनके जीवन के निजी अनुभवों, जिम्मेदारियों, व्यक्तिगत दुखों और भारत से उनके जुड़ाव की कहानी भी सामने आएगी। इसके जरिए पाठकों को सोनिया गांधी के सार्वजनिक जीवन से इतर उनके व्यक्तिगत सफर की झलक देखने को मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User