बिहार में पहले चरण की वोटिंग शुरू: 18 जिलों की 121 सीटों पर 3.75 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान, तेजस्वी–सम्राट–खेसारी जैसे दिग्गजों की किस्मत EVM में बंद होगी

Nov 6, 2025 - 11:43
 0  27
बिहार में पहले चरण की वोटिंग शुरू: 18 जिलों की 121 सीटों पर 3.75 करोड़ मतदाता करेंगे मतदान, तेजस्वी–सम्राट–खेसारी जैसे दिग्गजों की किस्मत EVM में बंद होगी

पटना (आरएनआई)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान आज सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गया है। 18 जिलों की कुल 121 सीटों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस चरण में कुल 1314 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1192 पुरुष और 122 महिलाएं शामिल हैं। पहले चरण की 102 सीटें सामान्य वर्ग के लिए हैं, जबकि 19 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इस चरण में 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपनी सरकार चुनने के लिए वोट डालेंगे।

राजनीतिक रूप से यह चरण बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसमें कई दिग्गज नेताओं के साथ-साथ नए चेहरे भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सुबह नौ बजे तक औसतन 13 से 15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

राघोपुर सीट पर पूर्व डिप्टी सीएम और राजद नेता तेजस्वी यादव एक बार फिर चुनावी मैदान में हैं। महागठबंधन ने तेजस्वी को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है। भाजपा ने यहां से सतीश कुमार को टिकट दिया है, जबकि जनसुराज पार्टी ने चंचल कुमार को मैदान में उतारा है।

तारापुर सीट से इस बार भाजपा ने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को उम्मीदवार बनाया है। उनका मुकाबला राजद के अरुण कुमार से है। सम्राट चौधरी इससे पहले परबत्ता सीट से राजद के टिकट पर चुनाव जीत चुके हैं और अब भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं।

लखीसराय सीट से लगातार तीन बार विधायक रहे भाजपा के विजय कुमार सिन्हा एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। इस बार उनका मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी अमरेष कुमार से है।

मोकामा सीट, जो हमेशा सुर्खियों में रहती है, इस बार भी चर्चाओं में है। बाहुबली जदयू नेता अनंत सिंह यहां से चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि हत्याकांड मामले में गिरफ्तारी के बाद उनके प्रचार की जिम्मेदारी जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने संभाली है। भाजपा ने यहां से पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव को टिकट दिया है, जिनका मुकाबला राजद के रीत लाल राय से है।

लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव पांच साल बाद फिर चुनावी मैदान में लौटे हैं। इस बार वे अपनी नई पार्टी के टिकट पर मैदान में हैं, जबकि राजद ने इस सीट पर मुकेश कुमार रौशन और जनसुराज ने इंद्रजीत प्रधान को टिकट दिया है।

सारण जिले की चर्चित छपरा सीट पर भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव ने मुकाबले को रोमांचक बना दिया है। राजद ने उन्हें महागठबंधन की ओर से प्रत्याशी बनाया है, जबकि भाजपा ने छोटी कुमारी और जनसुराज ने जयप्रकाश सिंह को मैदान में उतारा है।

दरभंगा प्रमंडल की एक प्रमुख सीट पर भाजपा ने लोक गायिका मैथिली ठाकुर को टिकट देकर चर्चा बढ़ा दी है। उनका मुकाबला राजद के विनोद मिश्रा और जनसुराज के बिप्लव कुमार चौधरी से है।

वहीं सीवान की सीट पर बाहुबली शाहबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब इस बार राजद के उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला जदयू के विकास कुमार सिंह और जनसुराज के राहुल कीर्ति से है। यह सीट पिछले दो चुनावों से राजद के कब्जे में रही है।

2020 के विधानसभा चुनाव की तुलना में इस बार पहले घंटे में मतदान प्रतिशत कुछ कम देखा गया है। हालांकि निर्वाचन आयोग ने उम्मीद जताई है कि दिन चढ़ने के साथ मतदान में तेजी आएगी। आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें और शांतिपूर्ण मतदान में सहयोग दें।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.