पहले चरण की 121 सीटों पर 27.65% मतदान, बिहार में लोकतंत्र का उत्सव जोरों पर
पटना (आरएनआई), 6 नवंबर 2025। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान आज शांतिपूर्ण माहौल में जारी है। 18 जिलों की 121 सीटों पर सुबह 11 बजे तक 27.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह 9 बजे तक 13.13 फीसदी वोटिंग हो चुकी थी, जो धीरे-धीरे बढ़ती रही। समस्तीपुर जिले में अब तक 25.11 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव समेत कई दिग्गज नेताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बख्तियारपुर में वोट डालने के बाद नीतीश कुमार ने अपनी स्याही लगी उंगली दिखाते हुए मतदाताओं से लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी की अपील की। जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने दावा किया कि एनडीए की इस चुनाव में प्रचंड जीत तय है।
तारापुर विधानसभा क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान जारी रहा, जहां उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और राजद उम्मीदवार अरुण शाह के बीच कड़ा मुकाबला है। मतदान के बाद अरुण शाह ने आरोप लगाया कि एनडीए प्रत्याशी के समर्थक मतदाताओं को डराने का प्रयास कर रहे हैं, हालांकि प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती है।
जदयू के वरिष्ठ नेता और मंत्री श्रवण कुमार ने बेन प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय स्थित बूथ पर मतदान किया। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण की 112 सीटों में से 99 सीटें एनडीए के खाते में आएंगी। उनके अनुसार, बिहार की जनता विकास, सुशासन और स्थिर सरकार के लिए वोट कर रही है। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने भी मतदान के बाद कहा कि महिलाओं की बड़ी भागीदारी यह साबित कर रही है कि जनता प्रधानमंत्री मोदी और नीतीश कुमार की जोड़ी पर भरोसा कर रही है।
दरभंगा में जनसुराज प्रत्याशी और पूर्व आईजी आर.के. मिश्रा ने नगर थाना में धरना दिया। उन्होंने भाजपा विधायक के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कहा कि पांच साल तक कोई विकास कार्य नहीं हुआ और जनता के साथ छल किया गया। वहीं कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने लोकतंत्र के इस महापर्व पर जनता से अपील की कि वे अपने मुद्दों, बच्चों के भविष्य और रोजगार के लिए वोट करें। उन्होंने कहा कि “वोट चोरी से बनी सरकार कभी जनता के हित में काम नहीं कर सकती।”
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने अपने परिवार के साथ पटना में मतदान किया। उन्होंने कहा कि वह अपने दोनों बेटों तेजस्वी और तेज प्रताप यादव को शुभकामनाएं देती हैं और जनता से अपील करती हैं कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए मतदान अवश्य करें। महुआ विधानसभा सीट से जनता शक्ति जनता दल के उम्मीदवार तेज प्रताप यादव ने कहा कि प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है, और जनता का आशीर्वाद सबसे बड़ी ताकत है।
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें दिखाई दीं। 228 से 232 तक के मतदान केंद्रों पर सुबह 9 बजे तक 18 से 20 प्रतिशत मतदान हुआ। महिलाओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया।
बिहार में पहले चरण के मतदान के साथ ही लोकतंत्र का उत्सव चरम पर है। मतदाता विकास, रोजगार और स्थिर सरकार के मुद्दों को लेकर अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। प्रशासन और सुरक्षा बलों की मौजूदगी में मतदान शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में जारी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



