बंगाल में बढ़ती हिंसा: शुभेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत
कोलकाता (आरएनआई) पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। इसी बीच भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात मध्यग्राम इलाके में हुई, जहां बाइक सवार हमलावर ने करीब से ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्हें निशाना बनाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ कुछ लोगों के साथ खड़े थे, तभी अचानक एक बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचा और बेहद नजदीक से तीन राउंड फायरिंग की। बताया जा रहा है कि हमलावर ने कार के शीशे के पास आकर गोलियां चलाईं, जिससे रथ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है।
इस वारदात ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर ऐसे समय में जब चुनाव परिणामों के बाद कई जगहों से हिंसा, झड़प और हमलों की खबरें सामने आ रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले न्यूटाउन में भाजपा कार्यकर्ता मधु मंडल की मौत का मामला भी सामने आया था, जिसमें तृणमूल कांग्रेस समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगा। आरोप है कि विवाद के बाद उन्हें बुलाकर घेर लिया गया और पथराव किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
लगातार हो रही इन घटनाओं से पश्चिम बंगाल में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश जारी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)