नौगाम पुलिस थाने में भीषण विस्फोट: 9 की मौत, 27 घायल; फरीदाबाद से जब्त विस्फोटक के सैंपलिंग के दौरान हादसा
नई दिल्ली (आरएनआई) देश की राजधानी दिल्ली में कार ब्लास्ट की जांच के बीच शुक्रवार देर रात जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित नौगाम पुलिस थाने में बड़ा विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि थाने की इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 लोग घायल हुए हैं।
गृह मंत्रालय ने बयान जारी कर स्पष्ट किया कि यह घटना आतंकी हमला नहीं, बल्कि एक हादसा है। मंत्रालय के अनुसार, दिल्ली ब्लास्ट मामले में फरीदाबाद से जब्त किया गया विस्फोटक नौगाम थाने में परीक्षण के लिए रखा गया था और सैंपलिंग के दौरान विस्फोट हो गया। घटना की विस्तृत जांच जारी है।
फरीदाबाद में मौलवी हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए कार ब्लास्ट मामले में जांच तेज कर दी है। इसी क्रम में फरीदाबाद के सिरोही इलाके से एक मौलवी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने साजिश से जुड़ी धाराओं के तहत एक और एफआईआर भी दर्ज की है।
नौगाम थाने में 'सफेदपोश' मॉड्यूल की जांच जारी थी
जम्मू-कश्मीर डीजीपी नलिन प्रभात ने बताया कि नौगाम थाना वही जगह है जहाँ 19 अक्टूबर को जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद के सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ हुआ था। इसी मामले में दो ओजीडब्ल्यू की गिरफ्तारी के बाद फरीदाबाद से 2,900 किलो विस्फोटक सामग्री और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए थे।
इसी सामग्री का हिस्सा—लगभग 360 किलो विस्फोटक—फरीदाबाद स्थित डॉक्टर मुजम्मिल के किराए के मकान से मिला था। नौगाम पुलिस थाने में इसी बरामद सामग्री से सैंपल लिए जा रहे थे।
विस्फोट में पुलिस व फॉरेंसिक टीम को सबसे अधिक नुकसान
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों और घायलों में से अधिकतर पुलिसकर्मी और फॉरेंसिक टीम के सदस्य हैं। अब तक मलबे से आठ शव निकाले जा चुके हैं, बाकी की तलाश जारी है। घायलों को श्रीनगर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
फरीदाबाद में मस्जिदों और धार्मिक स्थलों पर तलाशी अभियान
नौगाम ब्लास्ट का तार फरीदाबाद से जुड़े होने के बाद, फरीदाबाद पुलिस ने तिगांव क्षेत्र सहित कई इलाकों में मस्जिदों और धार्मिक स्थलों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया है।
अभी तक की जांच में यह स्पष्ट है कि नौगाम धमाका सैंपलिंग प्रक्रिया में तकनीकी चूक या विस्फोटक की संवेदनशीलता के कारण हुआ हादसा था। मामले की तकनीकी व फॉरेंसिक जांच जारी है।
Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0



