‘द केरल स्टोरी 2’ के मेकर्स को झटका, रिलीज से एक दिन पहले केरल हाईकोर्ट ने लगाई रोक; 15 दिन के लिए टली फिल्म

Feb 26, 2026 - 16:09
 0  108
‘द केरल स्टोरी 2’ के मेकर्स को झटका, रिलीज से एक दिन पहले केरल हाईकोर्ट ने लगाई रोक; 15 दिन के लिए टली फिल्म

केरल (आरएनआई)। विवादों में घिरी फिल्म द केरल स्टोरी 2-गोज बियॉन्ड की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रिलीज से ठीक एक दिन पहले केरल हाई कोर्ट ने फिल्म की रिलीज पर 15 दिनों के लिए अंतरिम रोक लगा दी है। यह फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी।

न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस ने फिल्म की रिलीज को चुनौती देने वाली दो याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह आदेश पारित किया। कोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म को सर्टिफिकेट देते समय पर्याप्त सतर्कता नहीं बरती। अदालत ने यह भी टिप्पणी की कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखने से जुड़ी गाइडलाइंस का पालन सही ढंग से नहीं किया गया।

हाईकोर्ट में दायर याचिकाओं में CBFC द्वारा दी गई मंजूरी को चुनौती दी गई थी। याचिकाकर्ताओं का दावा है कि फिल्म में केरल की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है, जिससे समाज में तनाव फैल सकता है और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने की आशंका है। याचिकाओं में यह भी कहा गया कि फिल्म का टाइटल और प्रमोशनल सामग्री दोनों ही भ्रामक हैं और भाईचारे को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से भरे हुए हैं। एक याचिका में फिल्म के शीर्षक से ‘केरल’ शब्द हटाने की मांग भी की गई थी।

फिल्म, जिसे निर्माता विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन बैनर के तहत बनाया गया है, ट्रेलर रिलीज के बाद से ही सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं का सामना कर रही थी। खासतौर पर एक दृश्य को लेकर विवाद हुआ, जिसमें कथित तौर पर एक महिला को जबरन प्रतिबंधित मांस खिलाते हुए दिखाया गया है। इस सीन पर कई यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई थी।

इससे पहले मंगलवार को केरल हाई कोर्ट ने संकेत दिया था कि वह खुद फिल्म देखना चाहती है। सुनवाई के दौरान मेकर्स की ओर से दलील दी गई कि फिल्म को CBFC की मंजूरी प्राप्त है, लेकिन याचिकाकर्ताओं ने सेंसर बोर्ड की प्रक्रिया और निर्णय पर भी सवाल खड़े किए।

अब अदालत के अंतरिम आदेश के बाद ‘द केरल स्टोरी 2’ की रिलीज कम से कम 15 दिनों के लिए टल गई है, जबकि इस मामले पर आगे की सुनवाई में फिल्म के भविष्य पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

Follow RNI News Channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029VaBPp7rK5cD6X

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
RNI News Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.