डोडा में बादल फटा, भारी तबाही: फसलें, बाग-बगीचे और संपत्ति को नुकसान, कई सड़कें बंद
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में भारी बारिश और बादल फटने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। भलेसा के खलजुगासर इलाके में दो बार बादल फटने के बाद अचानक आई बाढ़ से फसलों, बाग-बगीचों और निजी संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
अचानक आई बाढ़ के साथ भारी मात्रा में मलबा, पत्थर और पेड़ सड़कों पर आ गए, जिससे कई मार्ग बंद हो गए। भलेसा के भट्यास इलाके का आसपास के क्षेत्रों से संपर्क घंटों तक पूरी तरह कट गया। कई गांवों में आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
डोडा के कश्तीगढ़ क्षेत्र में भी मूसलाधार बारिश के कारण अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। हालांकि अब तक किसी जनहानि की सूचना नहीं है। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर सड़कें धंस गई हैं। मौसम सामान्य होने और सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही सड़क बहाली का कार्य शुरू किया जाएगा। फिलहाल मलबा हटाने और रास्ते खोलने के लिए मशीनें तैनात की गई हैं।
बादल फटने के कारण कई जल स्रोत उफान पर आ गए हैं, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और मिट्टी का कटाव भी हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)