चंदे से ‘समाजसेवी’ बनने का शॉर्टकट! सम्मान, शील्ड और वाहवाही का नया कारोबार

Wednesday, May 13, 2026 - 13:30
Updated: 3 months ago
0
चंदे से ‘समाजसेवी’ बनने का शॉर्टकट! सम्मान, शील्ड और वाहवाही का नया कारोबार

इस शील्ड पर आपका भी नाम लिखा हो सकता है। आप भी बड़े समाजसेवी होने का अवार्ड जीत सकते हैं, वो भी समाजसेवा किए बिना!! और ये बहुत आसान है। 

बस आप पर थोड़े पैसे होने चाहिए फिर आपको इस बात का इंतजार करना है कि सम्माननीय और समाजसेवी घोषित किए जाने वाले प्रोग्राम कब और कहां हो रहे हैं। 

आप इस प्रोग्राम के फाइनेंसर, सहयोगी या डोनर बन जाइए बस आप भी हो गए सम्माननीय समाजसेवी। 

आजकल बड़े बड़े मंच पर वीआईपी गेस्ट के हाथों से प्रशंसा की गुदगुदाने वाली चार लाइनों के साथ शील्ड या मोमेंटो लेते लोग उत्कृष्ट कार्य या समाजसेवी होने का अवार्ड हासिल करते दिख रहे हैं न, उनमें से अधिकांश को भले ही लोगों ने समाजसेवा छोड़ कर सब कुछ करते देखा हो, लेकिन वो लोग इसी फंडे से समाजसेवी घोषित हो रहे हैं। हालांकि ईमानदारी अभी पूरी तरह मरी नहीं है इसलिए ऐसे प्रोग्राम में कुछ वास्तविक समाजसेवियों को भी सम्मानित कर दिया जाता है, ताकि प्रोग्राम पूरी तरह फर्जी और बनावटी न लगे। लेकिन अधिकांश को शील्ड, सार्टिफिसेट और मोमेंटो सिर्फ इसलिए मिलते हैं कि उन्होंने उस प्रोग्राम के लिए चंदा दिया होता है।

पैसा होने पर भी आप इज्जत सम्मान अर्जित नही कर पा रहे हैं, तो ये एक शार्टकट है खुद को समाजसेवी कहलवा कर खुश रहने का। ऐसे प्रोग्राम में मंच से एंकर जब चार लाइनें आपकी तारीफ में बोलता है,,,, भाई साहब उन्हें सुनते हुए मंच तक मोमेंटो लेने जाते समय कसम से ऐसी गुदगुदी होती है कि बता नहीं सकते। फिर चार पांच कैमरा मैन मोमेंटो लेते समय तड़ातड़ फोटो खींचते है आए हाए कहना ही क्या,, अपने आगे हर चीज बौनी नजर आती है। फिर वो फोटो वीडियो सोशल मीडिया, दोस्तों, रिश्तेदारों में भेजकर अपने मुंह मियां मिट्ठू बनने का परम सुख पाना, जीवन की सारी हीन भावना खत्म कर देता है।

तो जो लोग समाज सेवी घोषित होना चाहते हैं, वो या तो ऐसे किसी प्रोग्राम का इंतजार करें या फिर समाजसेवी बनने की जल्दी है तो 25 ऐसे लोग ढूंढ लें जो आपकी तरह इज्जत सम्मान पहचान बनाने आतुर हैं। बस सब 25 - 25 हजार इकट्ठा करके खुद ही प्रोग्राम कर लें। चंदे से छह, सवा छह लाख रूपये इकट्ठा हो जाएंगे। 100 ठीक ठीक दिखने वाले लोगों को इन्वाइट कर लें, कुछ अधिकारी और अच्छे लोगों को भी बुलाएं ताकि प्रोग्राम अच्छा भी दिखे। 

बाकी अपने घर के लोग समेत कुल करीब 200 लोगों का खाना भी प्रोग्राम में रख लें। मंच माइक मोमेंटो माला सब मिलाकर दो ढाई लाख रुपए खर्चे में बेहतरीन प्रोग्राम हो जाएगा और जम जाएगी आपकी भी झांकी। चार लाख के आस पास बच भी जाएंगे, जिन्हें आप चाहें तो ऐसे किसी अगले प्रोग्राम के लिए बचा लें या फिर आपस में बांट भी सकते हैं। समाजसेवी जिंदाबाद।?

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User