केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बदरवास उप डाक घर का किया लोकार्पण

पूरे विश्व में पहले नंबर पर आएगा भारत का डाक विभाग: सिंधिया

Friday, January 9, 2026 - 14:16
Updated: 10 months ago
0
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बदरवास उप डाक घर का किया लोकार्पण

शिवपुरी/बदरवास (आरएनआई) केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज बदरवास में ₹0.81 लाख की लागत से निर्मित उप-डाकघर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बदरवास के प्राचीन मंदिर की गली में स्थित ऐतिहासिक पोस्ट ऑफिस अब आधुनिक स्वरूप में जनता की सेवा के लिए समर्पित है। वर्ष 2009 से शुरू किए गए डाक आधुनिकीकरण अभियान के अंतर्गत क्षेत्र के 50 पोस्ट ऑफिस का कायाकल्प पूर्ण हो चुका है।

आज का डाकिया चिट्ठी नहीं बैंक साथ लेकर आता है: सिंधिया

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डाकिया केवल डाक नहीं लाता, वह घर से दिल और सरहद से घर तक की भावनाएँ पहुँचाता है। उन्होंने कहा कि सनी देओल ने फिल्म में कहा था चिट्ठी आई है’, लेकिन आज का डाकिया चिट्ठी के साथ बैंक लेकर आता है। पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक, बीमा योजनाएँ और सुकन्या समृद्धि योजना आज ग्रामीण परिवारों की आर्थिक सुरक्षा की रीढ़ बन चुकी हैं। सुकन्या समृद्धि योजना को उन्होंने एक बीज बताते हुए कहा कि माता-पिता मिलकर इसे भविष्य के वटवृक्ष के रूप में विकसित करते हैं।

कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय के साथ हुए समझौते से सशक्त होंगे किसान और महिलाएं

इस अवसर पर सिंधिया ने केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ किए गए दो महत्वपूर्ण एमओयू की जानकारी दी। पहला एमओयू खाद की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए है, जिससे किसानों को पारदर्शी और समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित होगी। दूसरा एमओयू ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए है, जिसके तहत इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को प्रशिक्षण देकर गाँव-गाँव खाते खोलने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, जिससे वे हर माह ₹15,000 से ₹30,000 तक की आय अर्जित कर सकेंगी।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का डाक विभाग हर गाँव, हर घर और हर व्यक्ति तक पहुँच रहा है और आने वाले समय में भारत का डाक विभाग विश्व में अपनी सेवाओं के दम पर प्रथम स्थान हासिल करेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User