उर्मिला सनावर की जमानत पर 29 अक्टूबर को सुनवाई, विवेचक से मांगे दस्तावेज
हरिद्वार। अभिनेत्री उर्मिला सनावर की जमानत याचिका पर 29 अक्टूबर को सुनवाई होगी। मंगलवार को उनके अधिवक्ता ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में जमानत अर्जी दाखिल की। अदालत ने मामले के विवेचक को 29 अक्टूबर तक संबंधित दस्तावेज पेश करने और जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की शिकायत पर दर्ज प्राथमिकी के मामले में गिरफ्तार किया था। दीपिका ने 24 अक्टूबर को रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उर्मिला पर सोशल मीडिया के जरिए कथित आपत्तिजनक और मानहानिकारक टिप्पणियां करने, संपत्ति अपने नाम कराने के लिए दबाव डालने, पांच करोड़ रुपये की मांग करने और परिवार को धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों की जांच पुलिस कर रही है।
गिरफ्तारी के बाद उर्मिला को अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए। फिलहाल वह रोशनाबाद जिला कारागार में बंद हैं।
इस बीच, हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि उर्मिला की गिरफ्तारी रानीपुर कोतवाली में दर्ज अलग मामले में की गई है और इसका अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े प्रस्तावित नार्को टेस्ट से संबंध नहीं है। पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों की कानूनी प्रक्रिया अलग-अलग चल रही है।
अब 29 अक्टूबर को अदालत में पुलिस की जांच आख्या और संबंधित दस्तावेज पेश किए जाएंगे। इसके आधार पर उर्मिला सनावर की जमानत याचिका पर सुनवाई आगे बढ़ेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)