किन्नौर में पागल नाले में आया भारी मलबा, एनएच-5 बंद; मलबे में कार फंसी
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में बारिश के बीच रविवार दोपहर टापरी के पास पागल नाले में अचानक भारी मलबा आने से शिमला-रिकांगपिओ राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। करीब ढाई बजे पहाड़ी से मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
मलबा आने के दौरान हाईवे से गुजर रही एक कार भी इसकी चपेट में आकर फंस गई। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। मार्ग बंद होने के बाद वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और हाईवे के दोनों तरफ कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं।
हाईवे को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभाग की मशीनरी मौके पर पहुंच गई है और मलबा हटाने का काम शुरू किया गया है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और मलबा आने की घटनाओं का खतरा बना हुआ है।
इस बीच किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने भी करवट ली है। शनिवार को जिले के ऊंचे क्षेत्रों में इस मौसम की पहली बर्फबारी हुई, जबकि निचले इलाकों में बारिश जारी रही। मौसम विभाग ने 27 सितंबर को हिमाचल के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)