यूपी सियासत: अखिलेश यादव ने कहा- बात सीट की नहीं, जीत की है, लगाया ‘जय संविधान-जय हिंदुस्तान’ का नारा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर अपना रुख सामने रखा है। उन्होंने कहा कि गठबंधन में किस दल को कितनी सीटें मिलती हैं या कौन सी सीट किसके हिस्से में जाती है, इससे ज्यादा महत्वपूर्ण गठबंधन की जीत सुनिश्चित करना है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि जब लक्ष्य स्पष्ट हो तो सभी दल मिलकर आगे बढ़ सकते हैं और मंजिल पर नजर हो तो सफर आसान होता है। उन्होंने कहा कि गठबंधन के सभी दलों को मिलकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जीत गठबंधन की हो।
सपा अध्यक्ष ने दोहराया, “बात सीट की नहीं, जीत की है।” उन्होंने कहा कि यह जीत केवल गठबंधन में शामिल दलों की नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की संयुक्त कोशिश की जीत होगी जो लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।
अपने संदेश में अखिलेश यादव ने सांप्रदायिकता, लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण का भी उल्लेख किया। उन्होंने देश में सौहार्द, तरक्की और खुशहाली की बात कही। पोस्ट के अंत में उन्होंने ‘जय संविधान-जय हिंदुस्तान!’ का नारा लिखा।
अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गठबंधन में सीट बंटवारे की चर्चाएं चल रही हैं। उनके बयान में सीटों की संख्या के बजाय गठबंधन की सामूहिक जीत को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)