यूपी: पहली बार लखनऊ पहुंचे भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, बोले- सपा के पीडीए नारे को करेंगे नाकाम
उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश प्रभारी बनाए जाने के बाद विनोद तावड़े पहली बार लखनऊ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और तैयारियों पर बात की। तावड़े ने कहा कि एनडीए पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा और एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगा।
विनोद तावड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी के मार्गदर्शन में एनडीए के कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेंगे और जीत हासिल करेंगे।
सपा के पीडीए नारे पर साधा निशाना
तावड़े ने समाजवादी पार्टी के पीडीए नारे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पीडीए के नारे को नाकाम करने के लिए पूरी ताकत से काम करने का आह्वान किया। तावड़े ने पीडीए का अपना राजनीतिक अर्थ बताते हुए इसे ‘पराया धन अपना’ करार दिया और कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने की अपील की।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने कहा कि आगामी चुनाव भाजपा और एनडीए के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के मार्गदर्शन में पार्टी चुनाव मैदान में उतरेगी।
उन्होंने कहा कि चुनाव में जीत के बाद भाजपा और एनडीए के कार्यकर्ता अगले पांच वर्षों तक प्रदेश की जनता की सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे। तावड़े ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और प्रदेश के विकास एवं जनसेवा के संकल्प के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)