देवरिया में भाजपा कार्यकर्ताओं के दो गुट भिड़े, झंडे लगे डंडों से मारपीट का वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरी बाजार क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। खरोह चौराहे के पास हुई इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक-दूसरे से मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, भाजपा के सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय सह-संयोजक शिवानंद द्विवेदी के देवरिया आगमन पर उनके स्वागत के लिए स्थानीय नेता और कार्यकर्ता खरोह चौराहे के पास जुटे थे। इसी दौरान सलेमपुर भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं के दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। वायरल वीडियो में कुछ लोग झंडे लगे डंडों का इस्तेमाल करते हुए एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वाहनों के बीच सड़क पर हुई मारपीट के कारण मौके पर कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों और घटना की पूरी परिस्थितियों की भी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
मामले को लेकर क्षेत्रीय थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी मिली है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)