स्वतंत्रता दिवस पर राजोरी-पुंछ को बड़ी सौगात, 2.79 किलोमीटर लंबी सुंगल टनल आम यातायात के लिए खुली

Monday, August 17, 2026 - 12:24
0
स्वतंत्रता दिवस पर राजोरी-पुंछ को बड़ी सौगात, 2.79 किलोमीटर लंबी सुंगल टनल आम यातायात के लिए खुली

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजोरी-पुंछ और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार खत्म हो गया। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की ओर से तैयार करीब 2.79 किलोमीटर लंबी सुंगल टनल को छोटे और हल्के वाहनों के लिए आम यातायात हेतु खोल दिया गया। टनल के शुरू होने से जम्मू और सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

फिलहाल टनल से केवल छोटे और हल्के वाहनों को सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक आवाजाही की अनुमति दी गई है। रात 8 बजे के बाद टनल में यातायात बंद रहेगा। भारी वाहन, बस और मालवाहक वाहनों को अभी पुराने मार्ग से ही गुजरना होगा। टनल में निर्माण और फिनिशिंग का कुछ काम अभी जारी होने के कारण यातायात को सीमित रखा गया है।

बीआरओ की 35 बॉर्डर रोड्स टास्क फोर्स और 57 रोड कंस्ट्रक्शन कंपनी के तहत तैयार की गई यह टनल जम्मू-पुंछ मार्ग पर कालिधार रेंज के कठिन हिस्से को बाईपास करती है। इसके शुरू होने से यात्रा की दूरी करीब 11 से 13 किलोमीटर तक कम होने और सफर के समय में करीब 30 से 45 मिनट तक की बचत होने की उम्मीद है। परियोजना की अनुमानित लागत करीब 600 करोड़ रुपये बताई गई है।

टनल के खुलने पर राजोरी, सुंदरबनी और आसपास के इलाकों में लोगों ने लड्डू बांटकर खुशी जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुंगल टनल के शुरू होने से राजोरी, पुंछ, नौशेरा, सुंदरबनी और रियासी के आसपास के क्षेत्रों की जम्मू से कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ मिलेगा।

सुंदरबनी के पूर्व डीडीसी चेयरमैन अरुण कुमार शर्मा भी टनल के उद्घाटन के बाद मौके पर पहुंचे। इससे पहले टनल को जल्द आम जनता के लिए खोलने की मांग को लेकर राजोरी क्षेत्र में लोगों ने प्रदर्शन भी किए थे। पूर्व डीडीसी चेयरमैन सुंदरबनी और पूर्व डीडीसी चेयरमैन राजोरी नसीम लियाकत की अगुवाई में लोगों ने टनल के उत्तरी पोर्टल पर प्रदर्शन कर प्रशासन और बीआरओ से इसे जल्द खोलने की मांग की थी।

पहले टनल को 22 अगस्त के आसपास आम यातायात के लिए खोले जाने की बात सामने आई थी, लेकिन बीआरओ ने स्वतंत्रता दिवस पर ही इसे सीमित यातायात के लिए खोल दिया। इससे राजोरी-पुंछ क्षेत्र के लोगों को निर्धारित समय से पहले बड़ी राहत मिली है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User