पहाड़ों में बारिश बनी आफत: कुलगाम में बादल फटने से बाढ़, कई घरों में मलबा; कई जिलों में स्कूल बंद

Thursday, July 30, 2026 - 13:28
0
पहाड़ों में बारिश बनी आफत: कुलगाम में बादल फटने से बाढ़, कई घरों में मलबा; कई जिलों में स्कूल बंद

जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। कुलगाम जिले में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के कारण कई घरों में मलबा भर गया, जबकि एहतियातन कई इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मंगलवार देर रात शुरू हुई बारिश बुधवार को भी जारी रही। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के देवसर के दर्देगुंड क्षेत्र की ऊपरी पहाड़ियों में बादल फटने से निचले इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई। इससे कई घरों में मलबा भर गया और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

खराब मौसम को देखते हुए डोडा और किश्तवाड़ जिले के अधिकांश क्षेत्रों में स्कूल बंद रखे गए। प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनज़र ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए हैं। कठुआ के हीरानगर सब-डिवीजन के सोहल गांव में भारी बारिश से एक पोल्ट्री फार्म को भी बड़ा नुकसान हुआ। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से पानी सीधे फार्म में घुस गया, जिससे करीब 3,300 में से 1,300 से अधिक मुर्गियों की मौत हो गई। बनी, मल्हार और बिलावर के संवेदनशील इलाकों में भी एहतियातन स्कूल बंद रखे गए।

सांबा के गौरन गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए। वहीं, राजोरी जिले में हालिया बाढ़ से बिजली और पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। कई घरों में पानी घुस गया। जल शक्ति विभाग के अधिकारियों के अनुसार बाढ़ से कुएं, पंप वेल और बोरवेल सहित कई जल स्रोत क्षतिग्रस्त हुए हैं। जम्मू के मल्होत्रा मोहल्ले में एक पुरानी इमारत की दीवार भी गिर गई।

श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक 87.0 मिमी बारिश सांबा में दर्ज की गई। कटड़ा में 71.2 मिमी, उधमपुर में 65.0 मिमी और जम्मू में 52.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। हालांकि, जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग वाहनों के लिए खुला रहा। कश्मीर घाटी के ऊपरी इलाकों में तेज बारिश और मैदानी क्षेत्रों में रुक-रुक कर वर्षा होती रही।

मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक जम्मू संभाग के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं और भूस्खलन की चेतावनी जारी की है। उधमपुर, रियासी और डोडा में बादल फटने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने तथा मौसम संबंधी ताजा अपडेट का पालन करने की अपील की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User