गुना में ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, नो-पार्किंग में खड़े 4 वाहनों पर कार्रवाई; अतिक्रमण हटाने दी समझाइश

Sunday, October 4, 2026 - 23:18
Updated: 23 days ago
0
गुना में ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, नो-पार्किंग में खड़े 4 वाहनों पर कार्रवाई; अतिक्रमण हटाने दी समझाइश

गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन में गुना शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही एवं जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।

इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं डीएसपी ट्रैफिक मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में आज शाम यातायात प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह द्वारा यातायात पुलिस बल एवं ट्रैफिक मित्रों के साथ जयस्तंभ चौराहा, संतुष्टि रोड, कमला मेडिकल, ममता डेयरी रोड एवं लाहोटी रोड क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रमुख मार्गों पर यातायात के सुचारू संचालन में बाधा उत्पन्न करने वाली व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा सड़क किनारे खड़े हाथ ठेला एवं हॉकर संचालकों, दुकानों के बाहर सड़क पर रखा सामान तथा अव्यवस्थित रूप से पार्क किए गए वाहनों को हटाने हेतु संबंधित लोगों को समझाइश दी गई।

भ्रमण के दौरान लाहोटी रोड पर सड़क को अवरुद्ध कर नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े पाए गए 04 चारपहिया वाहनों के विरुद्ध यातायात पुलिस द्वारा चालानी कार्यवाही की गई। प्रत्येक वाहन पर 500 रुपए का चालान किया गया।

गुना यातायात पुलिस की आमजन एवं वाहन चालकों से अपील है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही अपने वाहन पार्क करें, सड़क एवं फुटपाथ पर किसी भी प्रकार का सामान रखकर यातायात बाधित न करें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए पुलिस का सहयोग करें।

          गुना पुलिस का उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़कों को अतिक्रमण एवं अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त रखते हुए यातायात का सुचारू एवं सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करना है। यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए इस प्रकार की कार्यवाही एवं जागरूकता गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User