बालाजी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी का 24 घंटे में खुलासा, राजस्थान के दो शातिर चोर गिरफ्तार; मुकुट और बाइक बरामद

Tuesday, September 1, 2026 - 22:21
Updated: 12 hours ago
0
बालाजी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी का 24 घंटे में खुलासा, राजस्थान के दो शातिर चोर गिरफ्तार; मुकुट और बाइक बरामद

 पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के संवेदनशील एवं कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा एवं आमजन की आस्था से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में फतेहगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी और उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र स्थित बालाजी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है । आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया चांदी का मुकुट एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद करने में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है ।

गौरतलब है कि 30 अगस्त 2026 को फरियादी निरोत्तम दास बैरागी निवासी फतेहगढ़ द्वारा फतेहगढ़ थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि वह रोकड़िया बालाजी मंदिर में पूजा-पाठ करते हैं । दिनांक 29 अगस्त 2026 को शाम के समय वह मंदिर में साफ-सफाई कर रहे थे । इसी दौरान उन्होंने एक अज्ञात व्यक्ति को मंदिर से उतरकर जाते हुए देखा । संदेह होने पर मंदिर के अंदर जाकर देखने पर बालाजी सरकार की मूर्ति पर बंधा चांदी का मुकुट गायब मिला । फरियादी की रिपोर्ट पर फतेहगढ़ थाने में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 188/26, धारा 305(d), 331(3) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।

               घटना की गंभीरता को देखते हुए फतेहगढ़ थाना पुलिस द्वारा तत्काल आरोपियों की पतारसी एवं चोरी गए मुकुट की बरामदगी के प्रयास प्रारंभ किए गए । पुलिस टीम द्वारा जनसहयोग एवं उपलब्ध तकनीकी/भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही थी ।इसी दौरान दिनांक 31 अगस्त 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि दो संदिग्ध व्यक्ति अनारद के जंगल क्षेत्र में स्थित एक अन्य हनुमान मंदिर में चोरी करने की फिराक में घूम रहे हैं । सूचना पर फतेहगढ़ थाना पुलिस द्वारा तत्काल कार्यवाही करते हुए जन सहयोग से मौके की घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया गया । पकड़े गए संदिग्धों की पहचान मुकेश पुत्र बृजमोहन कुशवाह उम्र 38 वर्ष एवं सदीक पुत्र छुट्टन बेग उम्र 48 वर्ष, निवासीगण नाहरगढ़, जिला बारां (राजस्थान) के रूप में हुई ।

               पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर आरोपियों द्वारा मंदिर में चोरी करने की नीयत से आने की बात बताई गई । साथ ही आरोपियों ने दिनांक 29 अगस्त 2026 को फतेहगढ़ स्थित बालाजी मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी करना भी स्वीकार किया । तदोपरांत पुलिस द्वारा आरोपियों की निशानदेही से फतेहगढ़ बालाजी मंदिर से चोरी गया चांदी का मुकुट, अनुमानित कीमत 50,000/-रूपये को बरामद कर लिया गया । साथ ही घटना में प्रयुक्त एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल अनुमानित कीमत 1,00,000/-रूपये की भी जप्त की गई है ।

               इस प्रकार फतेहगढ़ थाना पुलिस ने मंदिर से मुकुट चोरी की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा कर चोरी गया मुकुट बरामद करने के साथ ही आरोपियों द्वारा संभावित रूप से की जाने वाली एक अन्य मंदिर से चोरी की वारदात को भी विफल कर दिया ।

               पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में आरोपी सदीक बेग के विरुद्ध राजस्थान के बारां जिले के विभिन्न थानों में चोरी के कई प्रकरण दर्ज होना पाया गये हैं । आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में पुलिस द्वारा जानकारी एकत्रित की जा रही है । पूछताछ में आरोपियों के नशे के आदी होने की जानकारी भी सामने आई है ।

               फतेहगढ़ थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय एवं त्वरित कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अभिषेक तिवारी, सउनि नरेश शर्मा, सउनि दिलीप रघुवंशी, सउनि जसरथ दिवाकर, प्रधान आरक्षक सरनाम सिंह, प्रधान आरक्षक चंद्रसेन फाल्के, व आरक्षक भूपेन्द्र खटीक सहित अन्य का सराहनीय योगदान रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User