सुनील लोधी को राज्य सरकार देगी प्रोत्साहन, मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने की एक लाख रुपए की सम्मान निधि की घोषणा
फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बुंदेली गीत गाकर लोकप्रिय हुए सागर जिले के युवा गायक सुनील लोधी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास स्थित समत्व भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। जन्म से दृष्टिबाधित सुनील की गायन प्रतिभा से प्रभावित मुख्यमंत्री ने उन्हें उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रतिभाशाली कलाकारों को आगे बढ़ने के लिए अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सुनील लोधी को एक लाख रुपए की सम्मान निधि देने की घोषणा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सुनील और उनके माता-पिता का सम्मान भी किया।
मुख्यमंत्री ने सुनील की आंखों की रोशनी से संबंधित आवश्यक सहयोग देने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि बचपन से ही गायन में रुचि रखने वाले सुनील को संगीत विद्यालय से औपचारिक संगीत शिक्षा पूरी करने में भी सहायता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को आगे लाने के लिए टैलेंट सर्च जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।
मुलाकात के दौरान सुनील लोधी ने तंबूरा बजाते हुए फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय बुंदेली गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ की प्रस्तुति दी। मुख्यमंत्री के आग्रह पर उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से जुड़ा भजन ‘जन्म लए रघुराई, ब्रज में बज रही बधाई’ भी सुनाया।
इस अवसर पर सुनील के पिता महेंद्र सिंह लोधी, माता भाग बाई, संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी, बुंदेली टीवी चैनल के सचिन चौधरी सहित सुनील के मित्रगण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)