जन्माष्टमी पर कृष्ण जन्मभूमि पहुंचे सीएम योगी, गो-पूजन के बाद श्रद्धालुओं पर की पुष्पवर्षा; जयकारों से गूंजा परिसर
मथुरा। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शुक्रवार को मथुरा में भक्ति और आस्था का अद्भुत माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब 10 बजे श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचे। यहां उन्होंने गो-पूजन के साथ भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री के श्रीकृष्ण जन्मस्थान पहुंचते ही परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। पूरा परिसर जय श्रीकृष्ण और राधे-राधे के जयघोष से गूंज उठा। मुख्यमंत्री करीब 30 मिनट तक जन्मस्थान परिसर में रहे। गो-पूजन के बाद वह भागवत भवन पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

पूजा के दौरान मुख्यमंत्री ने देशवासियों के कल्याण और प्रदेश की उन्नति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने जन्मस्थान परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उन्हें श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। फूलों की बारिश होते ही श्रद्धालुओं का उत्साह और बढ़ गया और परिसर में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजने लगे।

श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत पर कई बार आक्रमण हुए और देश की संस्कृति तथा सनातन परंपराओं को कमजोर करने के प्रयास भी किए गए, लेकिन सनातन आस्था और विश्वास को कोई डिगा नहीं सका। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा से सनातन संस्कृति, आस्था और आध्यात्मिक शक्ति का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचता है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार व्यवस्था की निगरानी करते रहे। जन्मस्थान परिसर के साथ-साथ आसपास के मार्गों पर भी बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)