आगरा में स्वाइन फ्लू का अलर्ट, छह संदिग्ध मरीजों के नमूने जांच के लिए भेजे
आगरा में स्वाइन फ्लू का मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्क्रीनिंग और निगरानी बढ़ा दी है। सांस लेने में परेशानी, लगातार बुखार और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों की जांच पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में छह संदिग्ध मरीजों के नमूने लेकर जांच के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज भेजे गए हैं।
दयालबाग में मिली 64 वर्षीय स्वाइन फ्लू संक्रमित महिला की हालत में सुधार बताया गया है। उनका इलाज जारी है और स्वास्थ्य विभाग के अनुसार परिवार के अन्य सदस्यों में फिलहाल संक्रमण के लक्षण नहीं मिले हैं। रैपिड रिस्पांस टीम के प्रभारी डॉ. नंदन सिंह ने बताया कि महिला को दवाएं दी जा रही हैं और उनकी स्थिति में लगातार सुधार है।
प्रभारी सीएमओ डॉ. अमित रावत ने बताया कि स्क्रीनिंग के दौरान सांस लेने में दिक्कत, बुखार ठीक नहीं होने और अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के नमूने जांच के लिए लिए जा रहे हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज में आगरा के अलावा आसपास के करीब 8 से 10 जिलों से भी नमूने जांच के लिए पहुंच रहे हैं।
वहीं, एटा के 80 वर्षीय चिकित्सक डॉ. शीलेंद्र गौड़ की निजी अस्पताल में मौत का मामला भी सामने आया है। संचारी रोग नियंत्रण सेल के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति के अनुसार, निजी लैब में हुई जांच में इन्फ्लुएंजा-ए की पुष्टि हुई थी। चिकित्सक पहले से हृदय रोग के साथ फेफड़े और किडनी की बीमारी से भी पीड़ित थे। अस्पताल के अनुसार उनकी मौत हार्टअटैक के कारण हुई।
स्वास्थ्य विभाग ने निजी लैब और अस्पताल संचालकों से संबंधित रिपोर्ट तलब की है। मामले की जानकारी एटा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भी भेजी जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)