राजस्थान-यूपी में फिर बदला मौसम, भारी बारिश का अलर्ट; कई इलाकों में बढ़ा नदी-नालों का जलस्तर
मानसून की सक्रियता के चलते राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और कई जगह रास्तों पर पानी भरने से आवाजाही प्रभावित हुई है। मौसम विभाग ने राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान में शनिवार को धौलपुर, करौली और सवाई माधोपुर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 24 जिलों में यलो अलर्ट है। सवाई माधोपुर के खंडार क्षेत्र में 3 सितंबर शाम 6 बजे से 4 सितंबर शाम 6 बजे तक 175 मिमी बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के बाद बरसाती नदियों और नालों में पानी का बहाव बढ़ गया है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहने की अपील की है।
मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में हुई तेज बारिश का असर राजस्थान की नदियों पर भी पड़ा है। कालीसिंध नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद झालावाड़ क्षेत्र में कालीसिंध और छापी बांध के गेट खोलकर पानी की निकासी की गई। चित्तौड़गढ़, बूंदी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में भी नदी-नालों और झरनों में पानी की आवक बढ़ी है।
कोटपूतली-बहरोड़ के कोटपूतली शहर में शुक्रवार दोपहर करीब 45 मिनट तक मूसलाधार बारिश हुई। इससे शहर के कई हिस्सों में जलभराव हो गया और निचले इलाकों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जयपुर ग्रामीण के अलावा बारां, कोटा, धौलपुर, भरतपुर, अलवर, दौसा और टोंक में भी कई स्थानों पर बारिश हुई। कुछ इलाकों में 1 से 3 इंच तक पानी बरसा।
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से आए मौसम सिस्टम और सक्रिय मानसून ट्रफ के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में बारिश का दौर बढ़ा है। मानसून ट्रफ राजस्थान से होते हुए मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बंगाल की खाड़ी की ओर बनी हुई है। 5 सितंबर को पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, जबकि 6 सितंबर को भी कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है।
जयपुर में भी शुक्रवार सुबह से रुक-रुककर बारिश होती रही। दोपहर बाद कई इलाकों में तेज बारिश हुई। जयपुर एयरपोर्ट पर 12.3 मिमी और कलेक्ट्रेट पर 9 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते राजधानी के अधिकतम तापमान में करीब 7 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई और यह 27.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। लगातार बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)