लखनऊ में स्कूली छात्राओं का प्रदर्शन, शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जताया विरोध

Monday, August 17, 2026 - 13:11
0
लखनऊ में स्कूली छात्राओं का प्रदर्शन, शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जताया विरोध

लखनऊ के पारा क्षेत्र स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में बुनियादी सुविधाओं की कमी और शिक्षकों की अनुपलब्धता को लेकर सोमवार को छात्राओं ने प्रदर्शन किया। छात्राओं ने सड़क पर उतरकर अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई। इससे इलाके में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं का आरोप है कि विद्यालय में फिजिक्स, केमिस्ट्री समेत कई महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। उनका कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है और बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में भी परेशानी हो रही है।

छात्राओं ने स्कूल में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए। इसके अलावा उन्होंने बीमार पड़ने की स्थिति में समय पर इलाज नहीं मिलने और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी का मुद्दा भी उठाया।

सोमवार को बड़ी संख्या में छात्राएं सड़क पर उतर आईं और घेरा बनाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के कारण बालागंज चौराहे से होकर गुजरने वाले रास्तों पर कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा। छात्राओं ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी भी की।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

इससे पहले शुक्रवार को इसी विद्यालय के छात्रों ने भी स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन किया था। अब छात्राओं के प्रदर्शन के बाद विद्यालय में शिक्षकों की कमी, भोजन और बुनियादी सुविधाओं को लेकर उठे सवालों पर प्रशासन की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User