यूपी में ई-पॉस से होगी कोटेदारों के फीडबैक की निगरानी, सीएम योगी बोले- पहले ‘कोटेदार’ शब्द से ही चिढ़ते थे लोग
लखनऊ में सोमवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पॉस आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया। नई व्यवस्था के जरिए अब राशन वितरण व्यवस्था में कोटेदारों के काम और लाभार्थियों के फीडबैक की निगरानी ई-पॉस मशीन के माध्यम से की जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले लोग कोटेदारों को शक की नजर से देखते थे और उन्हें समाज में सम्मान नहीं मिलता था। उन्होंने कहा कि उस समय ‘कोटेदार’ शब्द सुनकर ही लोगों में नाराजगी और चिढ़ का भाव पैदा होता था।
मुख्यमंत्री ने कोटेदारों का जिक्र करते हुए कहा कि कई बार गलती उनकी नहीं होती थी, लेकिन बदनामी उन्हें झेलनी पड़ती थी। उनके अनुसार, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का नुकसान किसी और को होता था, लेकिन उसका खामियाजा कोटेदारों को भुगतना पड़ता था। इससे उनके सामने सामाजिक पहचान और सम्मान का संकट खड़ा हो गया था।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने राशन वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए कई बदलाव किए हैं। उन्होंने दावा किया कि अब पहले जैसी स्थिति नहीं है और गरीबों तक राशन पहुंचाने की व्यवस्था में सुधार हुआ है।
मुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा परिषद का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी स्कूलों की व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठते थे, लेकिन अब व्यवस्था में बदलाव किया जा रहा है और स्कूलों की गतिविधियों की निगरानी के लिए वीडियो रिकॉर्डिंग जैसी व्यवस्था की बात की जा रही है।
योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले गरीबों को राशन मिलने में परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि कई मामलों में गरीबों के राशन कार्ड तक दूसरों के पास रहते थे और जरूरतमंदों को खाद्यान्न नहीं मिल पाता था। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में ऐसी स्थिति नहीं है और राशन वितरण व्यवस्था को तकनीक के माध्यम से अधिक पारदर्शी बनाया जा रहा है।
नई ई-पॉस आधारित फीडबैक प्रणाली को इसी दिशा में एक और कदम माना जा रहा है। इसके जरिए राशन वितरण से जुड़ी व्यवस्था की निगरानी और लाभार्थियों की प्रतिक्रिया को दर्ज करने में मदद मिलेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)