कादीपुर में कोटेदारों के लिए राहत की खबर, सीएम योगी ने अतिरिक्त लाभांश की घोषणा की
सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण करने वाले कोटेदारों के लिए सोमवार को राहत भरी खबर आई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के कोटेदारों को अतिरिक्त लाभांश दिए जाने की घोषणा की। इस घोषणा का लाइव प्रसारण कादीपुर तहसील सभागार में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कोटेदार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
लाइव प्रसारण के उपरान्त कादीपुर विधायक राजेश गौतम ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों को सस्ता और समय से राशन उपलब्ध कराने में कोटेदारों की भूमिका को महत्वपूर्ण मानती है। इसी को देखते हुए उनके मानदेय और सुविधाओं में बढ़ोत्तरी का निर्णय लिया गया है। विधायक ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त राशन वितरण के लिए प्रतिबद्ध है और तकनीक के माध्यम से निगरानी और मजबूत की जाएगी।
तहसील सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि डॉ. श्रवण मिश्र, नगर पंचायत अध्यक्ष आनन्द जायसवाल, उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक, तहसीलदार उमेश यादव, आपूर्ति निरीक्षक जीतेन्द्र सिंह व रवीन्द्र यादव के साथ ही व्यापार मण्डल अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल,धीरज मिश्र काका मौजूद रहे।

इस अवसर पर तहसील क्षेत्र के कोटेदार अनिल कुमार सिंह, जीतेन्द्र सिंह, गंगाराम साहू, रामधारी गुप्ता सहित लगभग 200 कोटेदार उपस्थित थे। सीएम की घोषणा सुनकर कोटेदारों के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी। कई कोटेदारों ने कहा कि महंगाई के दौर में अतिरिक्त लाभांश मिलने से उन्हें काफी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों ने कोटेदारों को निर्देश दिए कि वे राशन वितरण के समय बायोमेट्रिक मशीन और ई-पॉस सिस्टम का सही उपयोग करें। किसी भी कोटेदार द्वारा कालाबाजारी या अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कोटेदारों ने सरकार के इस निर्णय की सराहना की और कहा कि इससे उनका मनोबल बढ़ेगा और वे और बेहतर तरीके से सेवा कर पाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)