देवप्रयाग में बड़ा हादसा: केदारनाथ से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार तोताघाटी की खाई में गिरी, एक की तलाश जारी

Sunday, September 6, 2026 - 14:47
0
देवप्रयाग में बड़ा हादसा: केदारनाथ से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार तोताघाटी की खाई में गिरी, एक की तलाश जारी

देवप्रयाग। केदारनाथ धाम के दर्शन कर राजस्थान लौट रहे श्रद्धालुओं की कार शनिवार शाम तोताघाटी के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में भीलवाड़ा निवासी एक श्रद्धालु सवार था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक खाई में फंसे श्रद्धालु की तलाश और रेस्क्यू अभियान जारी रहा।

कोतवाल प्रशांत बहुगुणा के अनुसार, राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से चार लोग केदारनाथ यात्रा पर आए थे। शनिवार शाम करीब पौने सात बजे यात्रा से लौटते समय तोताघाटी के पास चालक पंकज कुमार, लखन शाह और ईश्वर तेली कार से बाहर उतरकर शौच के लिए गए थे। इसी दौरान सड़क पर खड़ी वैगनआर अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर ढलान पर फिसलने लगी।

साथी श्रद्धालुओं ने कार को रोकने के लिए उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले ही कार तेजी से खाई की ओर चली गई और गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार स्वामी 46 वर्षीय देवीलाल, निवासी सुभाष नगर, भीलवाड़ा, वाहन के भीतर ही मौजूद थे।

कार को खाई में गिरता देख साथियों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बचेली खाल पुलिस चौकी से पुलिस बल आपदा राहत उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचा।

इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम ने तोताघाटी की गहरी खाई में उतरकर कार सवार देवीलाल की तलाश शुरू की। देर रात तक रेस्क्यू अभियान जारी था। हादसे में कार के खाई में गिरने की वजह से वाहन को भी काफी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम श्रद्धालु को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User