हिमाचल में बारिश का दौर जारी, 124 सड़कें बंद; शिमला में उफने नालों ने बढ़ाई मुश्किल

Saturday, August 22, 2026 - 16:35
0
हिमाचल में बारिश का दौर जारी, 124 सड़कें बंद; शिमला में उफने नालों ने बढ़ाई मुश्किल

हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार सुबह राजधानी शिमला समेत कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई। शिमला में कुछ देर की तेज बारिश के बाद दोपहर में धूप निकल आई, लेकिन इस दौरान शहर के कई नाले उफान पर आ गए और पानी सड़कों तक पहुंच गया।

राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार, शनिवार दोपहर तक प्रदेश में भूस्खलन के कारण 124 सड़कें बाधित थीं। इसके अलावा 138 बिजली ट्रांसफार्मर और 36 पेयजल योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति सामान्य करने के प्रयास में जुटे हैं।

24 अगस्त तक बारिश से राहत के आसार नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के कुछ हिस्सों में 24 अगस्त तक बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। 25 से 28 अगस्त के बीच बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

शनिवार को बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन और सिरमौर में कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 23 और 24 अगस्त को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

धर्मशाला में 68 मिमी से ज्यादा बारिश

बीते 24 घंटों में धर्मशाला में 68.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा नगरोटा सूरियां में 60.4, कांगड़ा एयरपोर्ट में 51, सुजानपुर टीहरा में 39.8, गुलेर में 35.4, बरठीं में 25.6 और नेरी में 31.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके बाद अगले तीन से चार दिनों में तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है।

बिलासपुर में सड़कों पर आया मलबा

बिलासपुर में शनिवार सुबह हुई तेज बारिश से कई जगह जनजीवन प्रभावित हुआ। सड़कों पर मलबा और पानी जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। निर्माणाधीन सड़कों पर भी जलभराव की स्थिति बनी रही। लोक निर्माण विभाग की टीमें मशीनरी के साथ मलबा हटाने और यातायात बहाल करने में जुटी रहीं।

कटौला में फिर हुआ भूस्खलन

उत्तरशाल क्षेत्र के कटौला में नागनाला के पास शनिवार को दोबारा भूस्खलन हुआ। बारिश के कारण पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने नागनाला और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है।

बारिश के दौरान लोगों को नदी-नालों, पहाड़ी ढलानों और भूस्खलन संभावित इलाकों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है। स्थानीय स्तर पर भूस्खलन का वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User