कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में प्रोफेसर से मारपीट, युवतियों को कार से टक्कर; छात्र-शिक्षकों का धरना
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में विधि विभाग के एक प्रोफेसर के साथ मारपीट और युवतियों को कार से टक्कर मारने की घटना के बाद परिसर में तनाव का माहौल है। घटना के विरोध में शुक्रवार को छात्र और शिक्षक सड़क पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने कुलपति कार्यालय के बाहर धरना देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, घटना 14 अक्टूबर को हुई थी। आरोप है कि एक बाहरी व्यक्ति ने अपनी स्कॉर्पियो से एक युवती को टक्कर मार दी। इसके बाद घटना का विरोध करने पर विधि विभाग के प्रोफेसर के साथ मारपीट की गई। घटना से संबंधित वीडियो भी सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई है।
शुक्रवार को छात्रों और शिक्षकों ने विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन शुरू किया। बाद में प्रदर्शनकारी कुलपति कार्यालय के बाहर मुख्य सड़क पर धरने पर बैठ गए। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग उठाई और परिसर में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही।
विश्वविद्यालय में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं। करीब 120 छात्राओं ने कुलपति को ईमेल भेजकर आरोप लगाया था कि बाहरी युवक उनका पीछा करते हैं, अशोभनीय टिप्पणियां करते हैं और रास्ता रोकते हैं। इन शिकायतों के बाद भी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बनी हुई थी।
घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में वाहनों की जांच और निगरानी बढ़ा दी गई है। बिना नंबर प्लेट वाले तथा आरके स्टिकर लगे वाहनों के प्रवेश पर भी सख्ती की गई है। छात्र-शिक्षकों के विरोध के बीच अब मामले में पुलिस कार्रवाई और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के अगले कदम पर नजर है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)