महिला अधिकारी से दुर्व्यवहार पर उमर अब्दुल्ला सख्त, बोले— धमकी और डराने वाला व्यवहार बर्दाश्त नहीं

Friday, October 16, 2026 - 18:36
0
महिला अधिकारी से दुर्व्यवहार पर उमर अब्दुल्ला सख्त, बोले— धमकी और डराने वाला व्यवहार बर्दाश्त नहीं

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में महिला जेकेएएस अधिकारी बीनिश वानी के साथ कथित दुर्व्यवहार और धमकी दिए जाने के मामले में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने मुख्य सचिव अतुल डुल्लू को पत्र लिखकर यह सुनिश्चित करने को कहा है कि महिला अधिकारी को किसी तरह की प्रताड़ना या बदले की कार्रवाई का सामना न करना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी अधिकारी को अपने पद का दुरुपयोग कर दूसरे को डराने या प्रताड़ित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

यह मामला 14 अक्टूबर को मिशन युवा (YUVA) की समीक्षा बैठक के दौरान सामने आया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कुमार राजीव रंजन और गांदरबल के रोजगार एवं परामर्श केंद्र की सहायक निदेशक बीनिश वानी के बीच राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की भूमिका को लेकर बहस हुई थी। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रंजन को महिला अधिकारी को बार-बार चुप रहने के लिए कहते और उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने की बात कहते सुना जा सकता है। आरोप है कि उन्होंने बातचीत के दौरान अपमानजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया।

वीडियो सामने आने के बाद जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर प्रतिक्रिया देखने को मिली है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने मामले में जवाबदेही तय करने और उचित कार्रवाई की मांग की है। वहीं, जम्मू-कश्मीर प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के संगठन ने भी घटना पर चिंता जताते हुए संबंधित अधिकारी से माफी की मांग की है। संगठन ने कहा कि कामकाज की समीक्षा और जवाबदेही जरूरी है, लेकिन इसके नाम पर अपमानजनक भाषा या धमकी को उचित नहीं ठहराया जा सकता।

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने यह भी कहा कि यदि जम्मू-कश्मीर पूर्ण राज्य होता, तो संबंधित अधिकारी को जांच लंबित रहने तक सामान्य प्रशासन विभाग से संबद्ध किया जा सकता था। केंद्र शासित प्रदेश में आईएएस अधिकारियों पर नियंत्रण को लेकर संवैधानिक और प्रशासनिक सीमाएं भी कार्रवाई की प्रक्रिया को प्रभावित करती हैं।

इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी संज्ञान लेते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है। विवाद के बीच मुख्यमंत्री ने महिला अधिकारी की सुरक्षा और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। अब मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई और जांच के निष्कर्षों पर नजर बनी हुई है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User