प्रियांक खरगे का RSS पर निशाना, पूछा- ‘संघ ने तिरंगे की जगह भगवा ध्वज क्यों चुना?’
भाजपा के हर घर तिरंगा अभियान को लेकर कांग्रेस नेता और कर्नाटक सरकार के मंत्री प्रियांक खरगे ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर निशाना साधते हुए उसकी देशभक्ति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को अपने हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत RSS मुख्यालय से करनी चाहिए।
प्रियांक खरगे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया कि RSS के लोग दूसरों को देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांटते हैं, लेकिन उनके जुलूसों में भारतीय तिरंगा नजर नहीं आता। उन्होंने दावा किया कि आजादी के बाद पांच दशकों से अधिक समय तक नागपुर स्थित RSS मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया गया और वहां पहली बार 2002 में तिरंगा फहराया गया।
कांग्रेस नेता ने सवाल उठाया कि क्या RSS के जुलूसों में स्वयंसेवकों को भारतीय तिरंगा लेकर मार्च करते देखा गया है। उन्होंने पूछा कि भाजपा के वैचारिक संगठन ने तिरंगे की जगह भगवा ध्वज को क्यों चुना और इतने लंबे समय तक उसके मुख्यालय से राष्ट्रीय ध्वज क्यों गायब रहा।
खरगे ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि भाजपा को देशभक्ति पर दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने वैचारिक संगठन के इतिहास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि आखिर कितने RSS जुलूस ऐसे हैं, जिनमें स्वयंसेवक पूरी वर्दी में गर्व के साथ भारतीय तिरंगा लेकर मार्च करते दिखाई देते हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसा एक भी उदाहरण नहीं है और इसके बावजूद लोगों को देशभक्ति का प्रमाणपत्र बांटा जाता है।
क्या है हर घर तिरंगा अभियान?
भाजपा की ओर से चलाया जा रहा हर घर तिरंगा अभियान देश में राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। अभियान के तहत लोगों से अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने की अपील की जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 में इस अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद हर साल यह अभियान व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाता रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)