एमएलसी चुनाव: मोकामा में अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थक भिड़े, पांच हिरासत में
बिहार विधान परिषद चुनाव के दौरान शुक्रवार को पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मोकामा में तनाव की स्थिति बन गई। मोकामा प्रखंड कार्यालय के पास जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार और विधायक अनंत सिंह के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ने के बाद विवाद हुआ, जिसके चलते पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, अनंत सिंह के समर्थकों ने आरोप लगाया कि नीरज कुमार के समर्थक जन सुराज प्रत्याशी डॉ. अनुज सिंह के पक्ष में मतदान करने जा रहे मतदाताओं को रोकने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। वहीं, नीरज कुमार के समर्थकों ने भी अनंत सिंह के समर्थकों पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ने पर पुलिस ने हस्तक्षेप किया।
मौके पर पहुंचे बाढ़ के एसडीपीओ रामकृष्ण ने दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया और मतदान जारी रहा।
पटना स्नातक सीट इस चुनाव में इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि जदयू विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के प्रत्याशी नीरज कुमार के बजाय जन सुराज के उम्मीदवार डॉ. अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। इस राजनीतिक मतभेद के बीच मोकामा में हुई झड़प ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है।
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान हुआ। चुनाव में कुल 150 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतगणना 27 अक्टूबर को निर्धारित है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)