मुजफ्फरपुर में मोमबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग : घरेलू सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका, मची अफरातफरी

Friday, October 16, 2026 - 13:54
0
मुजफ्फरपुर में मोमबत्ती फैक्ट्री में भीषण आग : घरेलू सिलेंडर ब्लास्ट की आशंका, मची अफरातफरी

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में शुक्रवार को मोमबत्ती बनाने वाली एक फैक्ट्री में गैस लीकेज के कारण भीषण आग लग गई। घटना मिठनपुरा थाना क्षेत्र के मालीघाट स्थित दीपक इंडस्ट्रीज की है। आग लगने के बाद फैक्ट्री में अफरातफरी मच गई। आग बुझाने की कोशिश के दौरान फैक्ट्री संचालक दीपक कुमार आंशिक रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। अधिकारियों के अनुसार, घटना में कोई अन्य व्यक्ति हताहत नहीं हुआ है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, दीपक इंडस्ट्रीज की मोमबत्ती फैक्ट्री में मोम पिघलाने के लिए घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस में लीकेज होने से आग लग गई। आग लगते ही फैक्ट्री से तेजी से धुआं निकलने लगा, जिससे आसपास के इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया.

आग की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने की कोशिश की गई। इसी दौरान फैक्ट्री संचालक दीपक कुमार आंशिक रूप से झुलस गए। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया.

आग लगने की सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग की चार गाड़ियां आग बुझाने में जुट गईं। इस दौरान गैस सिलेंडर में विस्फोट होने की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरती गई। टीम ने जलती हुई आग के बीच से एक गैस सिलेंडर को बाहर निकाल लिया। वहीं, दूसरे सिलेंडर में विस्फोट की आशंका को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर कर दिया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया.

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User