सागर में बड़ा हादसा टला: आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी में फंसे 9 युवक-युवतियों का SDRF ने किया रेस्क्यू

Sunday, August 23, 2026 - 17:13
Updated: 2 months ago
0
सागर में बड़ा हादसा टला: आबचंद गुफा के पास गदेरी नदी में फंसे 9 युवक-युवतियों का SDRF ने किया रेस्क्यू

सागर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल आबचंद गुफा क्षेत्र में 22 अगस्त की शाम उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब गदेरी नदी का जलस्तर और बहाव अचानक बढ़ने से पिकनिक मनाने पहुंचे सागर शहर के 9 युवक-युवतियां नदी के बीच पानी से घिरे टापू पर फंस गए। एक पत्थर पर ढाई घंटे बैठे रहे । सूचना मिलते ही सागर पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। मौके पर पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव पहुंचे और सुरक्षित निकालने के निर्देश दिए।

सागर में बड़ा हादसा टला: आपचंद गुफा के पास नदी में फंसे 9 युवक-युवतियों का SDRF ने किया रेस्क्यू

पिकनिक मनाने गये थे

घटना की सूचना 22 अगस्त की शाम करीब 6:50 बजे डायल-112 और पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से मिली। बताया गया कि आबचंद गुफा क्षेत्र में तेज बहाव के कारण 9 लोग चारों ओर से पानी से घिर गए हैं। परिस्थितियां बेहद चुनौतीपूर्ण थीं और अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी जोखिम था।

एसपी ने संभाली कमान, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया ने पूरे घटनाक्रम की पल-पल मॉनिटरिंग शुरू कर दी और संबंधित विभागों से समन्वय करते हुए तत्काल आवश्यक संसाधन मौके पर भेजने के निर्देश दिए। आबचंद गुफा की ओर से सीधे घटनास्थल तक पहुंचना बेहद कठिन और जोखिमपूर्ण था। इसके बाद आबचंद गांव की ओर से वैकल्पिक रास्ते से पहुंचने की रणनीति बनाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ करीब 4 किलोमीटर घने जंगल और दुर्गम रास्ते से पैदल घटनास्थल की ओर रवाना हुए।

अंधेरा, घना जंगल और जंगली जानवरों के खतरे के बावजूद टीम ने हिम्मत नहीं छोड़ी। स्थानीय ग्रामीणों की मदद, जीपीएस नेविगेशन और सर्चलाइट की सहायता से रेस्क्यू टीम बच्चों के निकट पहुंची।

तेज बहाव के बीच SDRF ने संभाला मोर्चा

नदी का पानी चारों तरफ से बढ़ रहा था और सभी 9 लोग नदी के बीच टापू पर फंसे हुए थे। स्थिति को देखते हुए होमगार्ड कमांडेंट श्री भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

एसडीआरएफ जवानों ने तेज बहाव और अंधेरे के बीच अत्यंत सावधानी से नदी में उतरकर एक-एक कर सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और स्थानीय ग्रामीणों के बेहतर समन्वय से ऑपरेशन सफल रहा।

पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव ने लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व मंत्री और क्षेत्रीय विधायक गोपाल भार्गव भी मौके पर पहुंचे और प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य की स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

सभी 9 लोग सुरक्षित

रेस्क्यू किए गए सभी 9 लोगों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। सभी के स्वस्थ पाए जाने के बाद उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

रेस्क्यू किए गए लोगों में रिया पिता संजय अहिरवार, उम्र 19 वर्ष, उपासना पिता प्रकाश अहिरवार, उम्र 20 वर्ष, सानिया पिता प्रकाश अहिरवार, उम्र 18 वर्ष, निक्की उर्फ निकिता पिता प्रकाश अहिरवार, उम्र 19 वर्ष, डाली पिता संजय अहिरवार, उम्र 16 वर्ष, राज पिता सीताराम अहिरवार, उम्र 18 वर्ष राजा पिता सीताराम अहिरवार, उम्र 17 वर्ष, नीरज अहिरवार पिता संतोष अहिरवार, उम्र 18 वर्ष, सिया पिता संजय अहिरवार, उम्र 17 वर्ष शामिल है। सभी इंजीनियरिंग कॉलेज रोड, बहेरिया, जिला सागर के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस और SDRF टीम की सराहनीय भूमिका

रेस्क्यू ऑपरेशन में हवलदार भागवती पटेल, एसडीआरएफ आरक्षक मुकुल यादव, मनोज देशमुख, धर्मेंद्र चौहान, नीरज सौर, प्रयास तिवारी, एसके जितेंद्र पटेल, एसके राकेश विश्वकर्मा सहित पुलिस एवं एसडीआरएफ के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इसके अलावा थाना प्रभारी गढ़ाकोटा गौरव तिवारी एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी रहली संजय ऋषीश्वर एवं उनकी टीम, चौकी शाहपुर प्रभारी उप निरीक्षक मनीषा एवं उनकी टीम, थाना प्रभारी बहेरिया शशिकांत गुर्जर एवं उनकी टीम तथा कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान एवं उनकी टीम ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

कंट्रोल रूम द्वारा बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से विभिन्न टीमों के बीच लगातार समन्वय और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User