मुंबई के कुर्ला में बड़ा हादसा, मकान पर गिरी भारी क्रेन; कई लोग घायल, जांच शुरू
मुंबई। कुर्ला के कुरैशी नगर इलाके में गुरुवार देर रात निर्माण कार्य के दौरान एक भारी क्रेन मकान पर जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के काम के लिए क्रेन का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन मध्य रेलवे की पटरियों के पास स्थित एक मकान पर गिर गई। अधिकारियों के अनुसार, मलबे में किसी व्यक्ति के फंसे होने की सूचना नहीं है।
बीएमसी के पीआरओ कार्यालय के मुताबिक, पोक्लेन मशीन की मदद से क्रेन लगाने के दौरान यह हादसा हुआ। शुरुआती जानकारी में छह लोगों के घायल होने की बात कही गई, जिन्हें सायन अस्पताल और कुर्ला भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की हालत स्थिर बताई गई है। वहीं, अन्य रिपोर्टों में घायलों की संख्या 10 बताई गई है।
रेलवे की ओएचई लाइन भी क्षतिग्रस्त
मध्य रेलवे के अनुसार, एमएमआरडीए के काम में इस्तेमाल की जा रही क्रेन कुर्ला और ट्रॉम्बे के बीच सिंगल रेलवे लाइन की ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन पर भी जा गिरी। इस लाइन का इस्तेमाल मुख्य रूप से मालगाड़ियों के संचालन के लिए होता है।
रेलवे ने बताया कि हादसे का नियमित यात्री ट्रेन सेवाओं पर कोई असर नहीं पड़ा है। घटना के बाद संबंधित एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे की वजह और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित लापरवाही की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)