झारखंड: रांची सेंट्रल यूनिवर्सिटी में मेस फीस बढ़ोतरी पर छात्रों का प्रदर्शन, आश्वासन के बाद धरना खत्म
रांची में जेपीएससी-जेएसएससी छात्र आंदोलन के बीच सेंट्रल यूनिवर्सिटी के छात्र भी अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतर आए। विश्वविद्यालय के हॉस्टल में मेस शुल्क बढ़ाए जाने के विरोध में रविवार को सैकड़ों छात्रों ने प्रदर्शन किया और मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रबंधन पर पर्याप्त सुविधाएं दिए बिना मेस शुल्क बढ़ाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि मेस में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता पहले से ही संतोषजनक नहीं है। छात्रों के मुताबिक, कई बार खाने में कंकड़ और कीड़ा मिलने की शिकायत भी सामने आई है। ऐसे में भोजन की गुणवत्ता में सुधार किए बिना शुल्क बढ़ाना उचित नहीं है।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने साफ कहा कि वे पुरानी निर्धारित दर पर ही मेस शुल्क का भुगतान करेंगे और बढ़ी हुई राशि देने को तैयार नहीं हैं। छात्रों के प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए विश्वविद्यालय के मुख्य गेट पर आवाजाही भी प्रभावित हुई।
मामले की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन सक्रिय हुआ। डीन स्टूडेंट वेलफेयर समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
डॉ. अनुराग लिंडा के मुताबिक, पहले मेस का संचालन करने वाली एजेंसी कम दर पर भोजन उपलब्ध करा रही थी। हाल ही में नई एजेंसी को मेस संचालन की जिम्मेदारी मिलने के बाद शुल्क में बढ़ोतरी की गई, जिसके चलते छात्रों में नाराजगी पैदा हुई।
प्रबंधन ने छात्रों की मांगों और उनकी चिंताओं पर सकारात्मक आश्वासन दिया। इसके बाद छात्रों ने अपना अनिश्चितकालीन धरना समाप्त कर दिया। हालांकि, छात्रों ने कहा कि वे आगे भी मेस में भोजन की गुणवत्ता और शुल्क व्यवस्था पर नजर बनाए रखेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)