देर रात अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, कई डॉक्टर मिले गायब; गंदगी देख अफसरों को लगाई फटकार
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने देर रात सीतामढ़ी सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। अचानक मंत्री के अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। उन्होंने इमरजेंसी सहित अस्पताल के विभिन्न विभागों का जायजा लिया और मरीजों व उनके परिजनों से सीधे स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक लिया।
मंत्री का काफिला सांसद देवेश चंद्र ठाकुर के आवास पर आयोजित एक निजी कार्यक्रम से लौटते समय अचानक सदर अस्पताल पहुंचा। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्य आपातकालीन वार्ड, विभिन्न वार्डों और आयुर्वेदिक अस्पताल का जायजा लिया।
मरीजों और परिजनों ने मंत्री के सामने अस्पताल में पीने के पानी और एंबुलेंस की व्यवस्था से जुड़ी समस्याएं रखीं। कुछ मरीजों ने यह भी शिकायत की कि सामान्य बीमारियों के मामलों में भी उन्हें कई बार दूसरे अस्पतालों में रेफर कर दिया जाता है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कई डॉक्टर ड्यूटी से मिले गायब
औचक निरीक्षण के दौरान ड्यूटी रोस्टर में नाम दर्ज होने के बावजूद कई चिकित्सक अपने निर्धारित कक्ष में मौजूद नहीं मिले। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने नाराजगी जताई और अनुपस्थित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए।
अस्पताल में गंदगी और गंदी चादरें देख भड़के मंत्री
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के कई हिस्सों में गंदगी, बेड पर गंदी चादरें और रखरखाव में कमी भी सामने आई। इन व्यवस्थाओं को देखकर स्वास्थ्य मंत्री ने मौके पर मौजूद सिविल सर्जन और अस्पताल के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।
मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)