झारखंड में डॉक्टरों की हड़ताल टली, मांगों पर बनी सहमति
झारखंड में डॉक्टरों की 22 अक्टूबर से प्रस्तावित हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग और विभिन्न चिकित्सा संगठनों के बीच हुई बैठक में डॉक्टरों की ज्यादातर प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद यह फैसला लिया गया। बैठक में डॉक्टरों की सुरक्षा, समयबद्ध वेतन उन्नयन, पदोन्नति और प्रोत्साहन राशि के नियमित भुगतान जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), झारखंड राज्य स्वास्थ्य सेवा संघ (झासा) और अन्य चिकित्सा संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में डॉक्टरों की मांगों पर आगे की कार्रवाई के लिए राज्यस्तरीय समन्वय समिति गठित करने पर सहमति बनी, जो संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर लंबित मामलों के समाधान की दिशा में काम करेगी।
डॉक्टरों की समयबद्ध पदोन्नति और वेतन उन्नयन की मांग पर भी चर्चा हुई। डायनेमिक एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन (डीएसीपी) से संबंधित प्रस्ताव को आगे बढ़ाने और वित्त विभाग के साथ विचार-विमर्श करने पर सहमति जताई गई। हालांकि, कुछ प्रस्तावों को लागू करने के लिए कैबिनेट की मंजूरी आवश्यक होगी।
चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीएसपी स्तर के अधिकारी को नोडल पदाधिकारी नियुक्त करने की व्यवस्था फिर से लागू करने पर सहमति बनी। इसके अलावा, इंटर्न, जूनियर रेजिडेंट और सीनियर रेजिडेंट डॉक्टरों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के भुगतान में अनियमितताओं को दूर कर इसे नियमित करने का आश्वासन दिया गया।
निजी अस्पतालों के पंजीकरण और प्रमाणन की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने पर भी सहमति बनी। प्रस्तावित बदलावों के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 30 बिस्तर और शहरी क्षेत्रों में 40 बिस्तर वाले अस्पतालों के पंजीकरण से जुड़े प्रावधानों में संशोधन का प्रस्ताव अगले दो महीने में कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।
चिकित्सा संगठनों ने फिलहाल सरकार को मांगों पर कार्रवाई के लिए समय देने का निर्णय लिया है। शेष मुद्दों पर छठ पर्व के बाद दोबारा बातचीत होगी। अब डॉक्टरों की हड़ताल टलने के बाद सहमति वाले प्रस्तावों के क्रियान्वयन और लंबित मांगों पर सरकार की अगली कार्रवाई पर नजर रहेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)