चीन में भारी बारिश का कहर, हैनान में 31 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू; कई इलाकों में आपात स्थिति

Monday, September 14, 2026 - 14:24
0
चीन में भारी बारिश का कहर, हैनान में 31 हजार से ज्यादा लोगों का रेस्क्यू; कई इलाकों में आपात स्थिति

बीजिंग। चीन के हैनान प्रांत में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते प्रशासन ने बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया है। जोखिम वाले इलाकों से अब तक 31,564 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। प्रांतीय आपदा रोकथाम और राहत समिति के मुताबिक, रविवार शाम 7:50 बजे तक इतनी बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। फिलहाल किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन लगातार बारिश के कारण बाढ़ और भूगर्भीय आपदाओं का खतरा बना हुआ है।

हैनान के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। शुक्रवार सुबह 8 बजे से रविवार शाम 4 बजे तक छह शहरों और जिलों के 24 टाउनशिप में 300 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। इनमें वानिंग, लिंगशुई और क्यॉन्गहाई प्रमुख रूप से प्रभावित रहे। वानिंग के चांगफेंग टाउनशिप में सबसे ज्यादा 452.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार शाम से सोमवार तक भी कई इलाकों में भारी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है।

बिगड़ते हालात को देखते हुए हैनान प्रशासन ने रविवार सुबह 11 बजे बाढ़ नियंत्रण के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया को बढ़ाकर लेवल-2 कर दिया। इसके बाद वानिंग में रविवार शाम 7 बजे लेवल-1 आपातकालीन प्रतिक्रिया लागू की गई। चीन की चार-स्तरीय आपातकालीन व्यवस्था में लेवल-1 सबसे उच्च स्तर माना जाता है। वहीं क्यॉन्गहाई, क्यॉन्गझोंग, वुझीशान, बाओटिंग और लिंगशुई में लेवल-2 की आपात प्रतिक्रिया लागू है।

भारी बारिश के कारण छह शहरों और जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इसके अलावा आठ शहरों और जिलों में कुछ पर्यटन स्थलों को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। प्रभावित सड़कों पर यातायात नियंत्रण लागू किया गया है, जबकि प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में दमकल और बचाव दलों को पहले से तैनात कर दिया है। वानिंग, क्यॉन्गहाई और लिंगशुई में अतिरिक्त कर्मचारियों के साथ जल निकासी के उपकरण भी भेजे गए हैं।

प्रशासन ने बिजली और दूरसंचार व्यवस्था को बनाए रखने के लिए भी आपातकालीन तैयारियां बढ़ा दी हैं। संबंधित विभागों को जरूरी उपकरण और सामग्री तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बारिश के कारण बिजली या संचार व्यवस्था प्रभावित होने पर तत्काल मरम्मत की जा सके।

बारिश के साथ बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। शनिवार को चीन के जल संसाधन मंत्रालय और चीन मौसम विज्ञान प्रशासन ने दक्षिण-पूर्वी हैनान के कुछ हिस्सों में अचानक आने वाली बाढ़ को लेकर ब्लू अलर्ट जारी किया। वहीं कुछ क्षेत्रों में भूगर्भीय आपदाओं के खतरे को देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

स्थानीय प्रशासन लगातार बारिश, नदियों और जलाशयों के जलस्तर पर नजर रख रहा है। जलाशयों के संचालन को नियंत्रित करने के साथ शहरी जलभराव, बाढ़, भूस्खलन और सड़कों व पुलों के जलमग्न होने से बचाव के उपाय किए जा रहे हैं। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता संवेदनशील इलाकों से लोगों को सुरक्षित निकालने और लगातार हो रही बारिश के बीच संभावित नुकसान को रोकने पर है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User