बिहार: 13 बच्चों के दशकर्म में हिंसक झड़प, जदयू नेता घायल; तेजस्वी का दौरा रद्द
बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर स्थित भगतान टोला में 13 बच्चों के दशकर्म कार्यक्रम के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। घटना के समय जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर भी पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। मारपीट में जदयू के प्रदेश सचिव अजीत यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में चोट आई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
जानकारी के अनुसार, 13 अक्टूबर को गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हो गई थी। उन्हीं बच्चों के दशकर्म कार्यक्रम के दौरान गांव में विवाद शुरू हुआ। स्थानीय भाजपा नेता गगन राय और जदयू नेता अजीत यादव के बीच हादसे की जांच को लेकर कहासुनी होने की बात सामने आई है। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अजीत यादव घायल हो गए।
घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। बिगड़ते हालात के बीच प्रशांत किशोर करीब 10 मिनट बाद अपने काफिले के साथ गांव से रवाना हो गए। वहीं, हिंसक झड़प और तनाव की सूचना मिलने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का प्रस्तावित दौरा भी रद्द कर दिया गया।
घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस मामले में शामिल लोगों की पहचान कर रही है और शिकायत मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 13 बच्चों की मौत के बाद शोक में डूबे गांव में दशकर्म के दौरान हुई इस झड़प से माहौल और तनावपूर्ण हो गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)