हाथरस: सावन के अंतिम सोमवार पर शिवालयों में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, शहर में डायवर्जन लागू
हाथरस में सावन के अंतिम सोमवार को लेकर शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की तैयारी है। जिलेभर में कांवड़ियों की आवाजाही बढ़ गई है। सड़कों पर भोलेनाथ के जयकारों और भजनों की गूंज सुनाई दे रही है। कांवड़ियों की सेवा के लिए जगह-जगह शिविर भी लगाए गए हैं।
सावन के अंतिम सोमवार को लेकर रविवार को मंदिरों में विशेष तैयारियां की गईं। श्रद्धालु भगवान शिव का दूध, दही, गंगाजल, शहद, बेलपत्र, धतूरा, चंदन और पुष्प से अभिषेक करेंगे। शाम को मंदिरों में फूल बंगला सजाने और छप्पन भोग लगाने की भी तैयारी है।
अंतिम रविवार को भैरव मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ रही। मेंडू स्थित प्राचीन भैरव बाबा मंदिर, अलीगढ़ रोड और गणेशगंज स्थित भैरव मंदिरों में फूल बंगला सजाया गया। बर्फ का शृंगार और छप्पन भोग भी लगाया गया।
कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। आगरा-अलीगढ़ और मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार देर रात तक कांवड़ियों की आवाजाही जारी रही।
यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में डायवर्जन भी लागू किया गया। बड़े और मालवाहक वाहनों को नगला भुस बाईपास से मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर भेजा गया, जबकि अन्य भारी वाहनों को आगरा-अलीगढ़ मार्ग से वैकल्पिक रास्तों पर डायवर्ट किया गया।
सिकंदराराऊ, सादाबाद समेत अन्य क्षेत्रों में भी वाहनों को शहर के बाहरी मार्गों से निकाला गया। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)