गुना में गुरु रविदास समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ, निकली कलश वंदन यात्रा
संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्मजयंती के उपलक्ष्य में गुना जिले में "श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान एवं यात्रा" का शुभारंभ शुक्रवार को शुभविदाई गार्डन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम से किया गया। अभियान के अंतर्गत 21 अगस्त से 10 सितंबर 2026 तक जिले में निर्धारित मार्गों पर कलश रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से समरसता, सामाजिक सद्भाव और संत गुरु रविदास जी के संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं कलश पूजन के साथ किया गया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ निशांत खरे, ज़िलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार,विधायक चांचौड़ा श्रीमती प्रियंका पेंची, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष अरविंद्र धाकड़, नपा उपाध्यक्ष धरम सोनी, पूर्व विधायक राजेन्द्र सिंह सालूजा, सांसद प्रतिनिधि हरिसिंह, यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के पूर्व कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ श्री रविदास मंदिर, श्रीराम कॉलोनी, गुना से हुआ। यात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए जय स्तंभ चौराहा एवं हनुमान चौराहा से गुजरकर शुभविदाई गार्डन पहुंची, जहां जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संभागीय प्रभारी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ निशांत खरे ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों, शहरों और नगरों में जिस प्रकार सामाजिक कटुता एवं विभाजन की परिस्थितियां निर्मित हो रही हैं, उन्हें दूर करने के लिए समरसता ही सबसे महत्वपूर्ण मार्ग है। उन्होंने कहा कि समरसता के बिना देश के 140 करोड़ नागरिकों की एकता और सामाजिक अस्तित्व की कल्पना नहीं की जा सकती।
उन्होंने कहा कि संत रविदास महाराज ने समाज को समरसता, समानता और मानवता का मूलमंत्र दिया। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश वंदन यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इस अभियान के माध्यम से गांव-गांव तक सामाजिक समरसता का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।
*यह रहे मंचासीन:-*
कार्यक्रम में जिला महामंत्री रविन्द्र सिंह रघुवंशी,संतोष धाकड़,शिवपाल परमार,नरेंद्र बड़कुल, घासीराम अहिरवार, सुनीता बंजारा,सुनील मालवीय मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री चंद्र प्रकाश अहिरवार ने किया। इस अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, भाजपा जिला पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, अजा मोर्चा के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)