गुना में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, कलेक्टर कन्याल ने किया ध्वजारोहण; शहीदों के परिजनों का सम्मान

Saturday, August 15, 2026 - 22:40
Updated: 2 days ago
0
गुना में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, कलेक्टर कन्याल ने किया ध्वजारोहण; शहीदों के परिजनों का सम्मान

गुना जिले में गौरवशाली भारतवर्ष का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, धूमधाम एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। परेड ग्राउंड गुना पर आयोजित हुए जिले के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में कलेक्‍टर ने ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली।

           प्रात: 09:00 बजे शुरू हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि कलेक्‍टर किशोर कुमार कन्‍याल ने ध्वजारोहण के पश्चात एक खुले परेड वाहन में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के साथ सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया।

स्वतंत्रता दिवस पर जिले के मुख्य समारोह लाल परेड ग्राउंड में भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा संदेश वाचन किया, जिसका सीधा प्रसारण परेड ग्राउंड में आयोजित जिले के मुख्य समारोह में भी दिखाया गया। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का प्रसारण परेड ग्राउंड में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर लाईव दिखाया गया। इसके बाद मुख्‍य अतिथि कलेक्‍टर किशोर कुमार कन्‍याल द्वारा बधाई देते हुये जिलास्‍तरीय संदेश का वाचन किया।

          कलेक्‍टर ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए खुले आसमान में रंग बिरंगे गुब्बारे छोड़े। मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्‍टर द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों व लोकतंत्र सेनानियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। 

कार्यक्रम में कलेक्‍टर किशोर कुमार कन्‍याल द्वारा मंच के परेड की सलामी ली गई। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय के नेतृत्व में परेड का संचालन किया गया तथा मुख्य अतिथि को सलामी दी गई। मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात परेड द्वारा हर्ष फायर एवं शानदार मार्च पास्ट की कार्यवाही संपन्न की गई। इस दौरान पुलिस के प्रशिक्षित स्निफर डॉग द्वारा विभिन्न गतिविधियों का रोमांचक एवं शानदार प्रदर्शन भी किया गया, जिसने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया । परेड में पुलिस, एसएएफ एवं होमगार्ड के प्लाटूनों के साथ-साथ एनसीसी, स्काउट-गाइड, रेडक्रॉस एवं शौर्य दल सहित कुल 13 प्लाटूनों ने सहभागिता की। सभी प्लाटूनों ने निर्धारित अनुशासन एवं समन्वय के साथ मार्च पास्ट की प्रस्तुति दी गई। समारोह में लगातार हो रही बारिश के कारण सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम स्थगित किया गया।

*जिले की विकास गाथा से रूबरू हुए नागरिक, विकास पुस्तक का हुआ वितरण*

15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर जिले की विकास पुस्तक का भी वितरण किया गया। पुस्तक में जिले में हुए विभिन्न विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जिले की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी संकलित की गई है। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने पुस्तक का अवलोकन किया और इसमें संकलित जिले की विकास यात्रा एवं उपलब्धियों की सराहना की।

*मुख्य समारोह में इनकी रही मौजूदगी*

          स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में विधायक पन्‍नालाल शाक्‍य,भाजपा जिलाध्‍यक्ष धर्मेन्‍द्र सिंह सिकरवार, जिला पंचायत अध्‍यक्ष अरविन्‍द्र धाकड़, उपाध्‍यक्ष श्रीमति सारिका लुंबा, नगरपालिका अध्‍यक्ष श्रीमति सविता अरविन्‍द्र गुप्‍ता, उपाध्‍यक्ष धरम सोनी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्‍यायाधीश अभिताभ मिश्र,पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, अपर कलेक्‍टर अखिलेश जैन, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे, संयुक्‍त कलेक्‍टर डॉ. संजीव खेमरिया सहित अन्य अधिकारी, पत्रकारगण एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, सुरक्षा बलों के जवान एवं स्कूली बच्चे उपस्थित थे।

 कार्यक्रम का समापन राष्‍ट्रगान के साथ किया गया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य सांदीपनि विद्यालय गुना आशीष टांटिया एवं आकाशवाणी आकस्मिक समनुदेशिती श्रीमति रेखा श्रीवास्‍वत द्वारा किया गया।

*कलेक्‍टर श्री कन्‍याल ने छात्राओं के साथ किया मध्‍यान्‍ह भोजन* 

स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि कलेक्‍टर किशोर कुमार कन्‍याल एवं विधायक गुना पन्‍नालाल शाक्‍य मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत आयोजित हुए विशेष भोज में भी शामिल हुए। उन्‍होंनें शासकीय कन्‍या उच्‍चतर माध्‍यमिक विद्यालक कैंट में स्‍कूली छात्राओं के साथ मध्‍यान्‍ह भोजन किया। इस दौरान जनप्रतिनिधिगण सहित पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, सीईओ जिला पंचायत अभिषेक दुबे, सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे शामिल हुए।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User